Search

झारखंड विस : आजसू 10, जदयू दो, LJP(R) को एक सीट, बाकी सीटों पर BJP उतारेगी प्रत्याशी

आज या कल बीजेपी की पहली सूची जारी हो सकती है. Ranchi :  झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम के मुख्यमंत्री व भाजपा झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंता विस्व सरमा, शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी,  आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे. मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश मे एनडीए की सरकार है. शक्तिशाली भारत का निर्माण मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है. केंद्र की मोदी सरकार विकास और शासन का प्रतीक है. कहा कि झारखंड में चुनावी बिगुल बज चुका है. इंडिया गठबंधन की सरकार ने झारखंड को तबाही के रास्ते पर ले गये हैं. हमारी कोशिश है कि बेटी, माटी, रोटी और नौजवान सुरक्षित रहे.

आजसू 10, जदयू दो और एलजेपी एक सीट पर लड़ेगा चुनाव

हिमंता विस्व सरमा ने कहा कि झारखंड में एनडीए मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगा. उन्होंने कहा कि झारखंड में बीजेपी,आजसू, जदयू और लोजपा मिलकर चुनाव लड़ेगा. सीट शेयरिंग पर भी चर्चा हो चुकी है. आजसू 10 सीट सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर से अपना प्रत्याशी उतारेगा. वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) दो सीट तमाड़ और जमशेदपुर पश्चिमी और एलजेपी (eJ) एक सीट चतरा से चुनाव लड़ेगा. बाकी बचे सीटों पर बीजेपी अपने उम्मीदवार उतारेगी.

समय के हिसाब से सीट शेयरिंग में हो सकता है परिवर्तन 

हिमंता विस्व सरमा ने कहा कि यह चुनाव हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के साथ लड़ेंगे. झारखंड में एनडीए के प्रमुख घटक दल आजसू, जदयू और लोजपा हैं. सीट पर चर्चा आगे भी चलेगी और समय के हिसाब से परिवर्तन भी होगा. हिमंता ने कहा कि बाकी सीट पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी. हालांकि एक-दो सीट पर चर्चा चल रही है.

रीजनल और नेशनल सब्जेक्ट को साथ लेकर चलेंगे : सुदेश महतो

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि हमने झारखंड विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने की घोषणा की है. राज्य की जनता दोनों दलों को एक साथ देखना चाहती है. हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2019 में जिन्होंने कमान संभाला, हर लोग इस तकलीफ से निजात चाहता है. जनता का समीकरण तैयार हो रहा है. कहा कि निजी हित और स्वार्थ में शासन और विकास विलुप्त है. राजनीतिक जवाबदेही के रूप में हम मिलकर नया जनादेश देने की तैयारी कर चुके हैं. हम रीजनल और नेशनल सब्जेक्ट को साथ लेकर चलेंगे. राज्य को तरक्की के पैमाने पर खड़ा करना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि कुछ सीट को लेकर चर्चा चल रही है. जो भी करेंगे, मिलकर करेंगे. हमारी कोशिश है कि एनडीए की बड़ी जीत हो.

झारखंड सरकार ने जनता को ठगने का किया है काम

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने पांच वर्षों में झारखंड की जनता को सिर्फ छला है. जनता ठगा महसूस कर रही है. एनडीए जनता को इस तकलीफ से निकलना चाहती है. झारखंड सरकार ने राज्य के नौजवानों को भी ठगने का काम किया है. कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने पिताजी का कसम खाकर कहा था कि अगर पांच लाख नौकरी नहीं मिलेगी तो हम संन्यास ले लेंगे. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. उन्होंने विधानसभा में खड़े होकर बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी. लेकिन आज तक नहीं मिला. हेमंत सोरेन लड़कियों को भी सुरक्षा भी नही दे पाये. 2022 में दुष्कर्म के मामले में पूरे देश में झारखंड प्रथम स्थान पर रहा. आदिवासियों की जमीन का फर्जी कागजात बना कर बेच डाला. आज झारखंड की डेमोग्राफी भी बदल गयी है. संथाल में आदिवासियों की संख्या 44 से घटकर 28 फीसदी पहुंच गयी है. आदिवासी आज चिंतित है. लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा को किसी बात की चिंता नहीं है. क्योंकि वह वोट बैंक की राजनीति कर रही है. कहा कि झारखंड की डेमोग्राफी को भी हमें ठीक करना है. सारे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेंगे. कहा कि आज या कल बीजेपी की पहली सूची जारी हो सकती है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp