Search

 
 
 

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र: हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्र की तैयारी को लेकर हुई बैठक

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी बुधवार से शुरू होने जा रहा है. सत्र से पहले आज मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में विधानसभी के मुख्यमंत्री कक्ष उच्चस्तरीय बैठक हुई.
 

Ranchi: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी बुधवार से शुरू होने जा रहा है. सत्र से पहले आज मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में विधानसभी के मुख्यमंत्री कक्ष उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में आगामी बजट की रूपरेखा, राज्य की आर्थिक स्थिति तथा प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

 

बैठक में विशेष रूप से राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को बजट में प्रमुखता देने पर विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट राज्य के सर्वांगीण विकास का दस्तावेज होता है, इसलिए इसमें जनहित और विकास की स्पष्ट झलक दिखनी चाहिए.

 

इस दौरान मुख्यमंत्री की World Economic Forum के दावोस सम्मेलन में भागीदारी का भी उल्लेख किया गया. बताया गया कि वहां उन्होंने वैश्विक नीति निर्माताओं, औद्योगिक समूहों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं कीं, जिससे झारखंड में निवेश के नए अवसर सृजित हो सकें. बैठक में राज्य में संभावित निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई.

 

मुख्यमंत्री ने ट्राइबल वेलफेयर, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा राज्य के जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने विचार रखे. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बजट सत्र समय पर और व्यवस्थित ढंग से आयोजित हो तथा सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित हों. उन्होंने कहा कि वित्त विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए विभागीय तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए. साथ ही सत्ता पक्ष एवं विपक्षी विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों और बजट संबंधी मुद्दों पर पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने को कहा.

 

बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही