Search

झारखंड विस : कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी, 21 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान

Ranchi : झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोमवार देर अपनी पहली लिस्ट जारी की. पहली लिस्ट में 21 उम्मीदवारों के नाम हैं. अफवाहों और अटकलों के बीच कांग्रेस ने हटिया से अजय नाथ शहदेव को टिकट दिया है. वहीं जामताड़ा से इरफान अंसारी, रामगढ़ से ममता देवी, हजारीबाग से मुन्ना सिंह, जमशेदपुर पूर्व से डॉ अजय कुमार और सिमडेगा से भूषण बारा को चुनावी मैदान में उतारा है. इसके अलावा कांग्रेस की लिस्ट में 15 प्रत्याशियों के नाम हैं.

जानें किसे कहां से मिला है टिकट

  1. - हटिया  : अजय नाथ शहदेव
  2. - जामताड़ा :  इरफान अंसारी
  3. - जरमुंडी : बादल पत्रलेख
  4. - पोड़ैयाहाट : प्रदीप यादव
  5. - महगामा : दीपिका पांडेय सिंह
  6. - बड़कागांव : अंबा प्रसाद
  7. - रामगढ़ : ममता देवी
  8. - मांडू : जय प्रकाश पटेल
  9. - हजारीबाग : मुन्ना सिंह
  10. - बेरमो : कुमार जयमंगल
  11. - झरिया : पूर्णिमा नीरज सिंह
  12. - बाघमारा : जलेश्वर महतो
  13. - जमशेदपुर (पूर्वी) : डॉक्टर अजय कुमार
  14. - जमशेदपुर (प.) : बन्ना गुप्ता
  15. - जगन्नाथपुर (एसटी) : सोनाराम सिंकू
  16. - खिजरी (एसटी) : राजेश कच्छप
  17. - मांडर (एसटी) : शिल्पी नेहा तिर्की
  18. - सिमडेगा (एसटी) : भूषण बड़ा
  19. - कोलेबिरा (एसटी) : नमन विक्सल कोंगाड़ी
  20. - लोहरदगा (एसटी) : रामेश्वर उरांव
  21. - मनिका (एसटी)  : रामचंद्र सिंह

बीजेपी जारी कर चुकी है पहली लिस्ट

बता दें कि बीजेपी 66 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट पहले ही जारी कर चुकी है. बीजेपी ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन को सरायकेला विधानसभी सीट से टिकट दिया है. चंपाई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं. साथ ही बाबूलाल मरांडी को धनवार से चुनावी मैदान में उतारा है. बीजेपी ने जामताड़ा सीट से सीता सोरेन, कोडरमा से नीरा यादव, गांडेय से मुनिया देवी, सिंदरी से तारा देवी, निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता, झरिया से रागिनी सिंह, चाईबासा से गीता बलमुचू, छतरपुर से पुष्पा देवी भुइयां को टिकट दिया है.

झारखंड विस चुनाव इस बार कई मायनों में खास

झारखंड चुनाव इस बार कई मायनों में खास है. एक तरफ बीजेपी इस बार झारखंड को जीतने के लिये पूरी जान लगा रही है. वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन भी सत्ता में बने रहने के लिए जोर लगा रहा है. चुनावी दंगल के बीच जेएमएम ने सोमवार देर रात बड़ा दांव खेला. हेमंत सोरेन ने बीजेपी के छह दिग्गज नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा लिया. इनमें बरेहट विधानसभा सीट से हेमंत सोरेन के खिलाफ बीजेपी के संभावित उम्मीदवार लुईस मरांडी, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू,  बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, सरायकेला सीट से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महली, पूर्वी सिंहभूम के भाजपा जिलाध्यक्ष बारी मुर्मू और भाजपा नेता बास्को बेसरा शामिल हैं. लुईस मरांडी को बीजेपी हेमंत सोरेन की बरेहट सीट से चुनावी मैदान में उतारना चाहती थी. लेकिन वो दुमका सीट से चुनाव लड़ना चाहती थीं, जहां से बीजेपी ने सुनील सोरेन को मैदान में उतारा है. ऐसे में उन्होंने जेएमएम का दामन थाम लिया.

81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में होगा चुनाव

झारखंड की 81 विधानसभा क्षेत्रों में दो चरणों में मतदान होगा. पहला चरण 13 नवंबर को होगा, जिसमें 43 सीटों पर वोटिंग होगी. वहीं दूसरा चरण 20 नवंबर को है, जिसमें 38 सीटों पर मतदान होगा. इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना होगी. चुनाव आयोग के मुताबिक, झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2,55,18,642 है, जिसमें 1,29,97,325 पुरुष मतदाता  और 1,25,20,910 महिला मतदाता हैं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp