Ranchi : झारखंंड विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. राज्य की 81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा. पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर और दूसरे चरण का 20 नवंबर को होगा. वहीं 23 नवंबर को चुनाव के नतीजे आयेंगे. झारखंड में पहले चरण के तहत 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना आज जारी कर दी गयी. इसके साथ ही शुक्रवार से झारखंड की 43 विधासभा सीटों पर प्रत्याशियों के नॉमिनेशन (नामांकन) की प्रक्रिया शुरू होगी. इस बार नामांकन पत्र ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में भरे जा सकेंगे. रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालयों में प्रत्याशी सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नॉमिनेशन करा सकते हैं. प्रत्येक प्रत्याशी के साथ अधिकतम चार व्यक्ति आरओ चैंबर के अंदर प्रवेश कर पायेंगे. उम्मीदवार अगर रजिस्टर्ड पार्टी का है तो उसके लिए एक मतदाता प्रस्तावक होगा. वहीं निर्दलीय व गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी के साथ दस प्रस्तावक होने चाहिए. आरओ कार्यालय से 100 मीटर की दूरी तक प्रत्याशी तीन से अधिक वाहन नहीं ला सकते हैं. उम्मीदवार के लिए प्रदेश की किसी भी विधानसभा मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है.
सुविधा ऐप के जरिये ऑनलाइन भी नामांकन पत्र भर सकते हैं उम्मीदवार
चुनाव आयोग की ओर से जारी सुविधा ऐप के जरिए भी इच्छुक उम्मीदवार इस बार नामांकन पत्र ऑनलाइन भर सकेंगे. नामांकन फार्म भरते समय उम्मीदवार को अपनी तीन लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी, चुनाव के लिए खुलवाये गये नये बैंक अकाउंट की कॉपी और एक एफिडेविट देना होगा, जिसे फॉर्म 26 कहा जाता है. इस शपथ पत्र में उम्मीदवार को अपनी चल-अचल संपत्ति, ऋण, देनदारी, आपराधिक रिकॉर्ड का पूरा विवरण देना है. एक प्रत्याशी चुनाव में कर सकता है 40 लाख खर्च
उम्मीदवार अपने नये बैंक अकाउंट से चुनाव के सभी लेन-देन का काम करेंगे. चुनाव का हिसाब-किताब रखने के लिए एक खर्च रजिस्टर उम्मीदवार के पास और एक निर्वाचन कार्यालय में रखा जायेगा. एक प्रत्याशी 40 लाख रुपये इस चुनाव में खर्च कर सकता है. नामांकन के लिए सामान्य (जनरल) उम्मीदवार को दस हजार रुपये और अनुसूचित वर्ग के उम्मीदवार को पांच हजार फीस जमा करवानी होगी. 30 अक्टूबर तक नाम वापस लेने ले सकते हैं प्रत्याशी
पहले चरण में जिन सीटों पर आज से चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गयी है, उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा सीट शामिल है. 25 अक्टूबर को पहले चरण के नॉमिनेशन करने की अंतिम तारीख होगी. 28 अक्टूबर को नॉमिनेशन की स्क्रूटनि की जायेगी. वहीं 30 अक्टूबर को प्रत्याशियों के नॉमिनेशन वापस लेने का अंतिम दिन होगा. 13 नवंबर को पहले चरण का मतदान होगा.
Leave a Comment