Ranchi : झारखंड के 43 विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है. वहीं राज्य के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदाता मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. या यूं कहे कि नक्सलियों का डर मतदाताओं पर हावी नहीं हो रहा है. वोटिंग शुरू होते के साथ ही मतदाता पूरे जोशों-खरोश से अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान केंद्र पहुंचे और कतारबद्ध होकर मतदान करने दिखे. पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 254 (प्राथमिक विद्यालय कोलबंगा) और 255 (उत्क्रमित विद्यालय रबांगा) में नक्सलियों ने पोस्टरबाजी कर मतदाताओं को वोट बहिष्कार करने की धमकी दी. हालांकि सुरक्षा बलों ने पोस्टर हटा दिया. इसके बाद सुरक्षाबलों पर भरोसा जताकर मतदाता निडर होकर मतदान करने बूथों में पहुंच रहे हैं.
गुमला के कुरुमगढ़ के 7 मतदान केंद्रों में राज्य गठन के बाद पहली बार वोटिंग
गुमला जिले के कुरुमगढ़ के 7 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां झारखंड राज्य गठन के बाद पहली बार मतदान हो रहा है. अति उग्रवाद प्रभावित होने के कारण मतदाता अपने मताधिकार से वंचित रह जाते थे. लेकिन इस बार सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. पहली बार मतदान करने पर मतदाताओं में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है. नक्सलियों के गढ़ कहे जाने वाले बूढ़ा पहाड़ के वोटर लोकतंत्र में अपना विश्वास दिखा रहे हैं. एक समय जहां नक्सलियों के डर से लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे, वहां आज बड़ी संख्या में उत्साहित होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.

https://lagatar.in/wp-content/uploads/2024/11/Untitled-28-2.jpg"
alt="" width="600" height="400" />
Leave a Comment