झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री एवं कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि यह घटना केवल एक महिला के साथ हुआ अपराध नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल है. वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात कर रही थीं.
श्रीमती यादव ने कहा कि राज्य सरकार सबसे पहले पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करे. जब तक अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं होगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरने वाली नहीं है. डॉ. यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध के लिए सरकार की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में अपराध और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल बढ़ा है. महिला आयोग का पद छह वर्षों से अधिक समय से खाली पड़ा है.
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है. महिलाएं आखिर सुरक्षित कहां हैं? घर से बाहर निकलने पर चेन झपट लिया जाता है, थाना जाने पर पुलिस दुष्कर्म करती है, बाजार जाने पर वह सकुशल लौट भी पाएगी या नहीं, यही चिंता उन्हें सताती रहती है. उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि वे आखिर सुरक्षित कहां हैं?