Search

झारखंड में मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत से अब होगा कोरोना संक्रमितों का इलाज

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा- Lagatar .in का सुझाव बढ़िया, आज ही देंगे अधिकारियों को निर्देश

CM जन आरोग्य योजना के 29 लाख और आयुष्मान भारत के 28 लाख लाभुक होंगे लाभान्वित

Ranchi: झारखंड में जल्द ही मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज होगा. इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग जल्द गाइडलाइन जारी करेगा. Lagatar.in से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह सुझाव अच्छा है. वे बहुत जल्द इसपर फैसला लेंगे. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 29 फीसदी लोगों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए राज्य सरकार 100 फीसदी राशि दे रही है. कोरोना संक्रमण के इलाज में इस योजना में सभी 29 लाख लोगों को कवर किया जाएगा. वहीं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना यानी आयुष्मान भारत योजना के 28 लाख लाभुकों का भी कोरोना संक्रमण में योजना के तहत इलाज हो सकेगा. लेकिन इसमें स्थितियों को देखने के बाद फैसला लिया जाएगा. क्योंकि आयुष्मान भारत योजना में लाभुक को 60 फीसदी केंद्र से मिलता है जबकि राज्य से 40 फीसदी है. 

आयुष्मान भारत में राज्य के 709 अस्पताल हैं सूचीबद्ध

झारखंड के लगभग 709 अस्पतालों को आयुष्मान भारत के तहत सूचीबद्ध किया गया है. फ्लैगशिप AB-PMJAY योजना के तहत 5 लाख अब 489 निजी अस्पतालों और 220 सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है. आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाने के लिए, 88,76,567 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं. लगभग 7,34,021 लाभार्थी पहले ही पीएम जन आरोग्य योजना का लाभ ले चुके हैं, लेकिन अबतक कोरोना को इसमें शामिल नहीं करने की वजह से मरीज इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं.

कई अस्पताल कार्ड लेने से करते हैं इनकार

झारखंड में आयुष्मान और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में अगर कोरोना संक्रमण का इलाज कवर होता है तो निश्चित तौर पर गरीबों को बड़ी राहत मिलेगी. बशर्ते इसपर सही तरीके से अमल और निगरानी हो, क्योंकि आयुष्मान भारत योजना का झारखंड में हाल किसी से छिपा नहीं है. इस योजना के तहत जिन अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है उनमें से कई अस्पताल मरीजों योजना के लाभुक मरीजों को भर्ती करने और इलाज करने में आनाकानी करते हैं. कई अस्पतालों ने तो कार्ड का लाभ देने से मरीजों को साफ इनकार तक कर दिया है.

आयुष्मान योजना में कोरोना को जोड़ चुका है मध्यप्रदेश

झारखंड से पहले दूसरे राज्यों ने कोरोना को आयुष्मान भारत में कवर करना शुरू कर दिया है. राज्य में बढ़ते कोरोना के प्रकोप को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने आयुष्मान योजना में कोरोना को जोड़ दिया है. इसके लिए राज्य सरकार प्रदेश के 250 से ज्यादा अस्पतालों से तीन महीने का अनुबंध करेगी. जिसके तहत मरीज कोरोना का इलाज कराने के लिए आयुष्मान कार्ड का इस्तेमाल कर सकता है और अस्पताल उसे मना नहीं कर सकता. इसकी जिम्मेदारी हर जिले के जिलाधिकारी को दी जाएगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//