Search

झारखंड निकाय चुनाव: जानें कहां भिड़े कार्यकर्ता और कहां-कहां हुई झड़प

Ranchi: झारखंड में नगर निकाय चुनाव कहीं शांतिपूर्व संपन्न हो गया तो मतदान के दौरान कई जिलों से झड़प की खबरें भी आयीं. प्रशासन की सख्ती और पुलिस बल की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया जारी रही, हालांकि कई बूथों पर हालात तनावपूर्ण बने रहे.

 

बोकारो में झड़प में घायल हुए SDPO

 

झारखंड नगर निकाय चुनाव के बीच बोकारो से बड़ी खबर सामने आयी है. यहां वार्ड 32 की पार्षद प्रत्याशी के पति रामाशंकर सिंह और चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह की तीखी नोकझोंक हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इस झड़प में एसडीपीओ घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


रांची में मतदान के दौरान कांग्रेस–JMM नेताओं में नोकझोंक

रांची में निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 18 के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पार्षद प्रत्याशी सोमवीत माजी के बीच तीखी बहस हो गई.

सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. दोनों नेताओं को बूथ से बाहर किया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मतदान दोबारा शुरू कराया गया.

 

धनबाद में जेएमएम नेता और समर्थकों को लोगों ने पीटा 

 

धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 22 के मेमको मोड़ स्थित सुसुनिलेवा बूथ संख्या 58 पर भारी हंगामा हो गया. मतदान के बीच अचानक विवाद बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


जानकारी के अनुसार, JMM नेता राज आनंद सिंह अपने समर्थकों के साथ बूथ पर पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर धांधली का आरोप लगाया. आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति बिगड़ गई और मारपीट की घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की.


घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, हालांकि प्रशासन की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया जारी रही. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल  इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

 

धनबाद में बूथ पर मारपीट, मतदान के बीच तनाव


धनबाद में नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 22 के मेमको मोड़ स्थित सुसुनिलेवा बूथ नंबर 58 पर मतदान के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. जानकारी के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता राज आनंद सिंह अपने समर्थकों के साथ बूथ पर पहुंचे थे.

 

इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर मतदान में धांधली का आरोप लगाया. आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर समर्थकों की पिटाई कर दी, जिससे बूथ परिसर में अफरा-तफरी मच गई.


घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया. प्रशासन की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया जारी रखी गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

 

चास में बिना पहचान पत्र एजेंटों पर विवाद


चास में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरा, वार्ड संख्या 2 स्थित पोलिंग बूथ पर उस समय हंगामा मच गया, जब निरीक्षण के दौरान कई पोलिंग एजेंट बिना पहचान पत्र के पाए गए.


निरीक्षण के लिए पहुंचे चास बीडीओ प्रदीप कुमार ने, वे वर्तमान में आरओ की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं, ने बूथ पर 10 से 15 एजेंटों को बिना आईडी कार्ड के बैठे पाया. उन्होंने चुनाव नियमों का हवाला देते हुए सभी एजेंटों को तत्काल बूथ से बाहर जाने का निर्देश दिया.

 

इस निर्णय पर कुछ एजेंट भड़क गए और बीडीओ से बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. कुछ लोगों ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बूथ को रद्द करने की मांग तक कर दी.


सूचना मिलते ही बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद मतदान प्रक्रिया को पुनः सामान्य कराया गया.

 

गिरिडीह में कहासुनी से बढ़ा विवाद, प्रशासन ने संभाला मोर्चा


गिरिडीह के वार्ड संख्या 18 स्थित बूथ नंबर 4 पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद नोकझोंक शुरू हो गई. विवाद बढ़ने से मतदान केंद्र के आसपास तनाव का माहौल बन गया.


घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ श्रीकांत विसपुते, एसडीपीओ जितवाहन उरांव और नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. हंगामे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अव्यवस्था और जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद नियंत्रित किया गया.

 

धनबाद वार्ड 27 में  प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प


धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 06, 110, 111 और 112 पर भी झड़प की घटना सामने आई. यहां वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया.


दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए. पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी देवी मतदाताओं को प्रभावित कर रही थीं. वहीं प्रमोद कुमार यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि बाहरी लोगों को मतदान के लिए लाया जा रहा था. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को बूथ परिसर से हटा दिया और हालात को नियंत्रित किया.

 

जमशेदपुर में बोगस वोटिंग पर हंगामा


जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित सेंट एंथोनी स्कूल के बूथ संख्या 177 पर सोमवार को बोगस वोटिंग के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ. नगर परिषद चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह अपने समर्थकों के साथ बूथ परिसर में धरने पर बैठ गईं.

 

रिंकू सिंह ने आरोप लगाया कि बूथ संख्या 177 पर फर्जी मतदान कराया जा रहा है और बाहरी लोगों के जरिए वोट डलवाने की कोशिश की गई. उन्होंने मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की.

 

घटना की सूचना मिलते ही वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और मतदान कर्मियों से पूरी जानकारी ली. हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही.

 

बूथ के बाहर प्रत्याशी समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp