Search

झारखंडः कांग्रेस आज कर सकती है बाकी बचे पांच प्रत्याशियों के नाम की घोषणा

इंडी गठबंधन में अब भी पांच सीटों पर है सस्पेंस बरकरार,  चतरा पर जिच कायम

Kaushal Anand Ranchi: लोकसभा चुनाव की घोषणा हुए एक महीने का समय पूरा होने वाला है. मगर अब भी इंडिया गठबंधन की लेटलतीफी जारी है. अब भी इंडिया गठबंधन की ओर से पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान होना बाकी है. कांग्रेस खाने से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को कांग्रेस अपने कोटे के चार सीटों पर प्रत्याशी का एलान कर सकती है. इसके बाद झामुमो भी अपने कोटे के बचे एक सीट जमशेदपुर पर पार्टी प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा. मगर चतरा पर कांग्रेस प्रत्याशी घोषित करेगा या राजद के हिस्से में यह सीट जाएगी इसपर सस्पेंस बरकरार है. एक ओर जहां  एनडीए के सभी प्रत्याशी मैदान में आ चुके हैं और क्षेत्र में उतरकर तैयारी शुरू कर दिए हैं. वहीं इंडी गठबंधन के अब भी पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है.

महागठबंधन के हिस्से आयी हैं यह सीटें

महागठबंधन में कांग्रेस को सात, झामुमो को पांच, भाकपा माले को एक और राजद को एक सीट मिली है. मगर अब भी चतरा पर जिच कायम है. चतरा सीट पर राजद अपनी मजबूत दावेदारी कर रहा है. मगर कांग्रेस खुद चुनाव लड़ने की जिद पर अड़ी है. ऐसे में यह सीट किसके खाते में जाती है, यह भी देखना दिलचस्प होगा.

अभी तक इन सीटों से हुआ प्रत्याशी का एलान

झामुमो ने गिरिडीह से मथुरा महतो, दुमका से नलिन सोरेन, राजमहल से विजय हांसदा और सिंहभूम से जोबा मांझी के नाम की घोषणा कर दी है. जमशेदपुर में प्रत्याशी उतारना बाकी है. वहीं सात सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस अभी तक लोहरदगा से सुखदेव भगत, हजारीबाग से जेपी पटेल और खूंटी में कालीचरण मुंडा के नाम की घोषणा की है. राजद ने पलामू में ममता भुइयां को प्रत्याशी बना दिया है. जबकि इंडी गठबंधन से अभी ग्रीन सिग्नल नहीं मिला है. कोडरमा से माले ने विधायक विनोद सिंह को मैदान में उतारा है.

इन सीटों पर एलान बाकी, कई दिग्गज हैं रेस में

कांग्रेस की ओर से धनबाद, गोड्डा, चतरा और रांची से प्रत्याशी की घोषणा अभी बाकी है. रांची में कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय का नाम सबसे आगे चल रहा है. गोड्डा से प्रदीप यादव, दीपिका पांडेय सिंह, फुरकान अंसारी रेस में हैं. धनबाद में कांग्रेस के समक्ष एक अनार सौ बीमार वाली बात हो गई है. इस सीट से ददई दूबे, अजय दूबे, अनुपमा सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, मन्नान मल्लिक सहित कई दिग्गज रेस में हैं. वहीं चतरा से जयशंकर पाठक, केएन त्रिपाठी समेत कई रेस में हैं. बात करें जमशेदपुर की तो यहां से झामुमो की ओर से प्रत्याशी आना बाकी है. झामुमो से अस्तिक महतो, नेहा महतो, सुनील महतो, लालटू महतो आदि रेस में हैं. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp