Search

झारखंड : आज थम जायेगा 43 सीटों पर चुनाव प्रचार, छह कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर

पहले चरण में ताल ठोंक रहे हैं 683 उम्मीदवार,  छह एससी और 20 एसटी सीटों पर भी होनी है वोटिंग  Ranchi :  झारखंड में पहले चरण के 43 सीटों पर चुनाव के लिए आज  सोमवार को चुनाव प्रचार थम जायेगा. जिन सीटों पर 13 नवंबर को शाम पांच बजे तक वोटिंग होनी है, वहां के लिए शाम पांच बजे और जिन सीटों पर शाम चार बजे तक वोटिंग होनी है, वहां के लिए शाम चार बजे तक चुनाव प्रचार थम जायेगा. पहले चरण में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन सहित छह कैबिनेट मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, रामदास सोरेन, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश ठाकुर, दीपक बिरूआ और बैद्यानाथ राम की प्रतिष्ठा दांव में लगी है.

इन हेवीवेट उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला  होगा

पहले चरण में हेवीवेट उम्मीदवारों में सरयू राय, भानू प्रताप शाही, सीपी सिंह, नीरा यादव, नीलकंठ सिंह मुंडा, रामचंद्र चंद्रवंशी, केएन त्रिपाठी, राजा पीटर सहित पूर्व सीएम रघुवर दास की बहु पूर्णिमा दास, पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन, कैबिनेट मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बहु रश्मि प्रकाश के भाग्य का फैसला होना है.

पहले चरण में 683 उम्मीदवार हैं मैदान में

पहले चरण के चुनाव में कुल 683 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है. 683 उम्मीदवारों  334 निर्दलीय उम्मीदवार हैं. राष्ट्रीय दलों के 87 उम्मीदवार मैदान में हैं. झारखंड़ के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के 32 उम्मीदवार हैं. दूसरे राज्यों के मान्यता प्राप्त दलों से टिकट लेकर 42 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में हैं. 188 उम्मीदवार गैर मान्यता प्राप्त निबंधित दलों से हैं. इसमें छह एससी और 20 एसटी सीटें शामिल हैं.

73 महिला उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में

पहले चरण में 73 महिला उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है. इसमें 34 महिला निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रही हैं. इस चरण में एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार के भाग्य का भी फैसला होना है. हटिया से थर्ड जेंडर उम्मीदवार नगमा रानी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं.

13 नवंबर को इन सीटों पर होना है मतदान

कोडरमा, बरकट्ठा, बरही,  बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा. बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई,. गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp