Palamu News : पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित जमुने गांव में आज रविवार को जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आयी है. खबरों के अनुसार अपने खेत की जुताई करने पहुंचे भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के 22 वर्षीय कर्मचारी बारिश विश्वकर्मा पर धारदार कुदाल से हमला किया गया.
घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद परिजन घायल बारिश को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया.
बताया जाता है कि जमुने गांव निवासी जोगेंद्र विश्वकर्मा के पुत्र बारिश विश्वकर्मा रविवार सुबह अपने खेत की जुताई करने गये था. इसी दौरान गांव के ही विनय प्रजापति वहां पहुंचे और संबंधित जमीन पर अपना दावा जताने लगे.
जमीन पर मालिकाना हक को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी.आरोप है कि इसी क्रम में विनय प्रजापति ने बारिश विश्वकर्मा पर धारदार कुदाल से हमला कर दिया. हमले में बारिश गंभीर रूप से घायल हो गये.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

