Search

 
 
 

26 वर्षों में झारखंड विकास के मामले में हुआ परिपक्व - राधाकृष्णन किशोर

उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था. उस समय गरीबी दर काफी अधिक थी, लेकिन अब इसमें कमी आई है. 1994 में 44.66 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे थी, जो घटकर 16.6 प्रतिशत रह गई है. राज्य में बेरोजगारी की समस्या को भी जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा.
 
राधाकृष्णन किशोर

Ranchi: राज्य निर्माण के 26वें वर्ष और मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर राधाकृष्णन किशोर ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आज झारखंड विकास के मामले में पूरी तरह परिपक्व हो चुका है. राज्य ने पिछले 26 वर्षों में विकास और समृद्धि की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है.


उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में राज्य के बजट का आकार बढ़ा है. वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है तथा रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ गरीबी कम करने की दिशा में भी काम हुआ है. राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में लगातार वृद्धि हुई है.


 
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था. उस समय गरीबी दर काफी अधिक थी, लेकिन अब इसमें कमी आई है. 1994 में 44.66 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे थी, जो घटकर 16.6 प्रतिशत रह गई है. राज्य में बेरोजगारी की समस्या को भी जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा.

 

राधाकृष्णन किशोर ने कहा कि झारखंड का पहला बजट आज राज्य का बजट काफी बड़ा हो चुका है. नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में राज्य सामान्य श्रेणी में तीसरे स्थान पर शामिल हुआ है.

 

उन्होंने एमएमडीआर के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे राज्य को करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना और अबुआ आवास योजना को किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होने दिया जाएगा.

 

इसके साथ ही उन्होंने राज्य निर्माण के बाद अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने सरकार से इन वर्गों के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और छात्रावास बनाने की अपील की.

झारखंड संघर्ष और बलिदान से बना राज्य : संजय यादव

झारखंड राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना पखवाड़ा समापन समारोह में मंत्री संजय कुमार यादव ने कहा कि 15 नवंबर का दिन संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है. लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ. इसमें शहीद फूलो-झानो और शिबू सोरेन सहित कई वीरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए संघर्ष करने वाले सभी वीर शहीदों को हमेशा याद किया जाएगा.


उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा के साथ-साथ युवा शक्ति और प्रगतिशील सोच वाला राज्य है. राज्य निर्माण के जिन उद्देश्यों को लेकर आंदोलन हुआ था, उन्हें पूरा करने की दिशा में सरकार काम कर रही है. मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. किसानों को रोजगार, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है.


मंत्री ने कहा कि आज के बदलते परिवेश में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है. झारखंड ऐसा राज्य बने, जहां युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें. उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक युवा को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए. स्थापना पखवाड़े का यह समारोह केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आने वाले समय में राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी बनना चाहिए.


820 योजनाओं की मिली सौगात

समारोह के दौरान 3155.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 820 योजनाओं की सौगात दी गई. इन योजनाओं से राज्य में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.


कैदियों के लिए नियम-कानून की पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में जेल प्रशासन की ओर से जेलों में बंद कैदियों के लिए नियम-कानून से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी किया गया. इसका उद्देश्य कैदियों को जेल से जुड़े नियमों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराना है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही