- 9 सीटों पर सियासी तस्वीर साफ,
- भाजपा को तीन सीटों पर जीत हासिल
- जेएमएम व कांग्रेस को एक-एक सीट सफलता
Ranchi : झारखंड के 9 नगर निगमों में हुए मेयर चुनावों की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. शुक्रवार देर रात तक अधिकांश सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए. जबकि कुछ जगहों पर अंतिम घोषणा करनी बाकी है.
नौ नगर निगमों से तीन सीटों (रांची, आदित्यपुर और मेदिनीनगर) पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने जीत हासिल की है. वहीं गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और मानगो में कांग्रेस ने कब्जा जमाया है.
देवघर में जेएमएम समर्थित प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. वहीं हजारीबाग में भाजपा के बागी उम्मीदवार ने जीत हासिल की है. चास में निर्दलीय उम्मीदवार ने कब्जा जमाया है. जबकि धनबाद में निर्दलीय प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं.
हालांकि धनबाद में काउंटिग बाकी है. जबकि अन्य कुछ सीटों पर अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, इसलिए परिणाम और जीत का अंतर बदल सकता है.
सभी नौ नगर निगमों के परिणाम :
रांची : भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने जीत हासिल की
राजधानी रांची में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने कांग्रेस प्रत्याशी रमा खलखो को 14,363 वोटों से हराया. रोशनी को 1,57,669 वोट मिले. जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो को 1,43,306 वोट प्राप्त हुए.
दोनों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा, शुरुआती रुझानों से ही रोशनी की बढ़त बनी रही, जिसने अंत तक निर्णायक रूप ले लिया. तीसरे स्थान पर प्रवीण कच्छप (16,760 वोट) और चौथे पर सुजीत बिजय आनंद कुजूर (19,305 वोट) रहे. अन्य उम्मीदवारों को अपेक्षाकृत कम मत मिले.
गिरिडीह : प्रमिला मेहरा की शानदार जीत
गिरिडीह में जेएमएम समर्थित प्रमिला मेहरा ने भाजपा समर्थित डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी को 14,599 मतों से हराया. प्रमिला को 38,091 वोट मिले. जबकि चौधरी 23,493 मतों पर सिमट गए. निर्दलीय अर्जुन बैठा तीसरे स्थान पर रहे.
मानगो : कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत
मानगो (जमशेदपुर) नगर निगम में पहली बार हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने 18,601 मतों से जीत दर्ज की. उन्होंने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को पीछे छोड़ा. सुधा को 42,022 वोट मिले. जबकि संध्या को 23,421 मत मिले.
हजारीबाग : भाजपा के बागी उम्मीदवार की जीत
हजारीबाग में भाजपा के बागी उम्मीदवार अरविंद राणा ने कांग्रेस समर्थित सरफराज अहमद को 4,657 मतों से पराजित किया.
देवघर : जेएमएम प्रत्याशी की मजबूत बढ़त
धार्मिक नगरी देवघर में जेएमएम समर्थित रवि राउत भाजपा प्रत्याशी रीता चौरसिया से आगे चल रहे हैं. देर रात तक आधिकारिक घोषणा बाकी थी.
धनबाद : संजीव सिंह का दबदबा
कोयला नगरी धनबाद में संजीव सिंह जेएमएम उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल से करीब 15,000 मतों से आगे चल रहे हैं. धनबाद में काउंटिंग पूरी नहीं हुई है. आज सुबह आठ बजे मतगणना चल रही है.
मेदिनीनगर : अरुणा शंकर ने नम्रता त्रिपाठी को हराया
मेदिनीनगर (पलामू) में भाजपा की अरुणा शंकर 3122 वोट से जीत दर्ज की है. अरुणा शंकर को 24169 वोट मिले हैं. कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 21047 मत मिले हैं.
चास : भोलू पासवान फिर बने मेयर
चास नगर निगम में भोलू पासवान ने 17,796 मत हासिल कर जीत दर्ज की. उन्होंने भाजपा समर्थित अविनाश कुमार को हराया. अविनाश कुमार को 14,827 वोट मिले. इससे पहले 2015 में भी भोलू ने यहां जीत हासिल की थी.
आदित्यपुर : भाजपा प्रत्याशी की जीत
आदित्यपुर में भाजपा प्रत्याशी संजय सरदार ने 7,795 वोट से जीत दर्ज की. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो समर्थित भुगलू सोरेन को 16,820 वोट मिले.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment