Search

 
 
 

Jharkhand News : राज्यसभा की दो सीटों के लिए नामांकन शुरू, 18 जून को होगा मतदान

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया आज सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई.  निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे.
 

Ranchi :   झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया आज सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई.  निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे.

 

नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी. जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. दोनों सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून को संपन्न होगी.

 

विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्तारूढ़ महागठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने की मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है. पहली सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का उम्मीदवार उतारना लगभग तय माना जा रहा है.

 

हालांकि दूसरी सीट को लेकर कांग्रेस और झामुमो के बीच अभी भी सहमति बनने का इंतजार है. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चर्चा की है. बावजूद इसके उम्मीदवार को लेकर अंतिम फैसला अभी तक नहीं हो पाया है.

 

वहीं  महागठबंधन की ओर से माले ने भी दूसरी सीट पर दावेदारी की है.

 

उधर भाजपा भी राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू रविवार को दिल्ली रवाना हुए. उनके साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी मौजूद रहे.

 

माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद भाजपा अपने उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है. भाजपा में भी दावेदारों की लिस्ट लंबी है.

 

राज्यसभा की ये दोनों सीटें पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन और भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हुई हैं. नामांकन प्रक्रिया के लिए विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार को रिटर्निंग ऑफिसर और किरण सुमन बाखला को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है.

 

उम्मीदवार विधानसभा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय से सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं. नामांकन पत्र निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. जबकि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को 5 हजार रुपये की सुरक्षा राशि जमा करनी होगी.

 

किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के उम्मीदवार के लिए कम से कम 9 विधायकों का समर्थन आवश्यक होगा. जबकि निर्दलीय उम्मीदवार को 10 विधायकों का प्रस्तावक बनाना अनिवार्य है.

राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम

  • - 1 जून : अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू
  • - 8 जून : नामांकन की अंतिम तिथि
  • - 9 जून : नामांकन पत्रों की जांच
  • - 11 जून :  नाम वापसी की अंतिम तिथि
  • - 18 जून :  मतदान एवं मतगणना
  • - 20 जून : चुनाव प्रक्रिया समाप्त

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही