- आयोग का विवादों से पुराना नाता
- कंप्यूटर प्रमाणपत्र बना नये विवाद की जड़
- मुख्य परीक्षा से पहले जवाब मांग रहे अभ्यर्थी
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एक बार फिर विवादों के घेरे में है. सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) पद की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का रिजल्ट शुक्रवार 19 जून को जारी किया गया, लेकिन इससे पहले ही आयोग में इस पर असहमति की आवाज उठ चुकी थी.
134 नियमित पदों के लिए 20 दिसंबर 2025 को हुई इस परीक्षा का रिजल्ट छह महीने बाद आया. इसमें 2515 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया. लेकिन रिजल्ट जारी होने से पहले जेपीएससी के तीन में से दो सदस्यों ने फाइल पर लिखित आपत्ति दर्ज कर दी. उनका कहना था कि रिजल्ट विज्ञापन में तय प्रावधानों के अनुसार नहीं बनाया गया है. इन्होंने रिजल्ट पर हस्ताक्षर करने से भी साफ इनकार कर दिया.
नियमों के मुताबिक रिजल्ट जारी करने से पहले परीक्षा नियंत्रक को आयोग के सदस्यों की सहमति लेनी होती है. लेकिन दो सदस्यों की असहमति के बावजूद रिजल्ट जारी कर दिया गया. इससे पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं.
एपीपी भर्ती के विज्ञापन (संख्या 06/2025) में विधि स्नातक डिग्री के साथ कंप्यूटर संचालन योग्यता को अतिरिक्त अर्हता के रूप में रखा गया था. विज्ञापन में स्पष्ट लिखा था कि राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान का प्रमाण पत्र ही मान्य होगा. लेकिन 2515 सफल अभ्यर्थियों में अनारक्षित श्रेणी के 902 उम्मीदवार हैं, जिनमें लगभग 830 राज्य के बाहर के हैं. इन अभ्यर्थियों ने झारखंड के बाहर के संस्थानों के कंप्यूटर प्रमाण पत्र जमा किए, और वे सफल भी घोषित हो गए. यही बिंदु आयोग के भीतर सबसे बड़ी आपत्ति की वजह बना.
जेपीएससी के लिए यह कोई नई बात नहीं है. राज्य गठन के बाद से ही आयोग द्वारा आयोजित दर्जनों परीक्षाएं विवादों की भेंट चढ़ती रही हैं. राज्य सिविल सेवा, झारखंड पात्रता परीक्षा और असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति समेत कई भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आई थीं. इनमें से कई मामलों की जांच अभी भी जारी है.
अभ्यर्थियों का एक बड़ा वर्ग अब मांग कर रहा है कि मुख्य परीक्षा से पहले आयोग कंप्यूटर प्रमाणपत्र की मान्यता और रिजल्ट निर्धारण से जुड़े सभी बिंदुओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे. ताकि आगे चलकर यह पूरी भर्ती प्रक्रिया कानूनी पेच में न फंसे. विशेषज्ञों का भी कहना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पात्रता शर्तों का समान रूप से पालन होना जरूरी है. लेकिन अब तक आयोग की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है.
रिजल्ट से जुड़े अहम तथ्य
विज्ञापन जारी : जून 2025
विज्ञापन संख्या : 06/2025
कुल नियमित पद : 134
आवेदन अवधि : 29 जून से 21 जुलाई 2025
प्रारंभिक परीक्षा : 20 दिसंबर 2025
पीटी रिजल्ट जारी : 19 जून 2026
मुख्य परीक्षा के लिए सफल : 2515 अभ्यर्थी
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment