Ranchi : झारखंड में इस साल शादी के लगन के दौरान कई परिवारों की खुशियां गम और तनाव में बदल गईं. राज्य के अलग-अलग जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आईं, जिसने शहनाई के माहौल को मातम में बदल दिया. कहीं शादी के दिन दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई तो कहीं लड़की ने मंडप पर शादी करने से इनकार कर दिया, तो कहीं रिश्तों में तनाव और विवाद के चलते खुदकुशी जैसी घटनाओं ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया.
पलामू, रांची, गढ़वा, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह और संताल परगना के कई इलाकों में इस तरह के मामले सामने आए. कई जगह बारात पूरी तैयारी के साथ दरवाजे तक पहुंची, लेकिन ऐन वक्त पर शादी से इनकार होने पर बिना दुल्हन लौटना पड़ा. इससे दोनों पक्षों को सामाजिक और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा.
कुछ मामलों में प्रेम प्रसंग सामने आने के बाद शादियां टूट गईं. कई जगह दुल्हन शादी के दिन या बाद में प्रेमी के साथ फरार हो गई, जिससे परिवारों में तनाव और विवाद की स्थिति बन गई. वहीं कुछ घटनाओं में शादी टूटने, पारिवारिक दबाव और मानसिक तनाव के चलते खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया, जिससे शादी वाले घर में जश्न की जगह मातम छा गया.
सामाजिक जानकारों का कहना है कि रिश्तों में आपसी सहमति की कमी, जल्दबाजी में तय हो रही शादियां और पुराने प्रेम संबंधों का सामने आने के कारण इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं.
केस स्टडी 1 :
13 अप्रैल 2026 : रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र के मांझीटोली में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. युवती की शादी की तैयारियों के बीच उसका और उसके जीजा का शव पेड़ से लटका मिला. पुलिस जांच में जीजा-साली के बीच प्रेम संबंध की बात भी सामने आई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. शादी वाले घर में जहां शहनाई बजनी थी, वहां चीख-पुकार मच गई.
केस स्टडी 2 :
21 अप्रैल 2026 : गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सेरका-सियारटोली गांव में 30 वर्षीय युवती का शव उसके घर के आंगन में लगे पेड़ से लटका मिला. युवती की शादी 29 अप्रैल को होनी थी. घर पर शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी और रिश्तेदारों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था. इसी बीच इस दुखद घटना ने परिवार वालों को झकझोर कर रख दिया. परिवार वालों के अनुसार, युवती तनाव में थी.
केस स्टडी 3 :
14 मई 2026 : गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र में एक शादी अंतिम वक्त पर टूट गई. जयमाला और बाकी रस्में पूरी हो चुकी थीं. बस सिंदूरदान बचा था. तभी दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया.
लड़की पक्ष वाले ने दुल्हन को काफी देर तक समझाने की कोशिश की. लेकिन बात नहीं बनी. आखिरकार बारात बिना दुल्हन के लौट गई. घटना के बाद एक तरफ गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. वहीं दूसरी तरफ परिवार वालों को सामाजिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
केस स्टडी 4 :
8 अप्रैल 2026 : रांची जिले के सोनाहातू क्षेत्र में शादी और प्रेम प्रसंग को लेकर एक मामला चर्चा में रहा. घटना को लेकर इलाके में दिनभर चर्चा होती रही और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. इस दौरान परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई. मामले को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आईं. हालांकि पुलिस स्तर पर ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई.
केस स्टडी 5 :
23 मई 2025 : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के कमता गांव में शादी की खुशियां अचानक विवाद में बदल गईं. बारात भदानीनगर से पहुंची थी. वरमाला की रस्म खुशी-खुशी पूरी हुई. इसके बाद बाराती और सराती पक्ष में भोजन के दौरान मछली को लेकर कहासुनी हो गई.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. हंगामे के बीच दूल्हा मंडप छोड़कर चला गया. इस घटना के बाद दुल्हन ने भी शादी से साफ इनकार कर दिया. रातभर गांव में अफरा-तफरी और पंचायत चलती रही. शुक्रवार सुबह मामला थाने तक पहुंच गया. मंडप तो सजा, लेकिन शादी नहीं होने पर बारात बिना दुल्हन लौट गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment