Palamu-Ranchi: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार प्रखंड के जमुआ गांव में गृह प्रवेश का भोज खाने के बाद 200 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अस्पताल में भर्ती लोगों के इलाज के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही छतरपुर के एसडीओ से कहा है कि खाद्य पदार्थ को जब्त कर जांच के लिए भेजा जाये. उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती हुए 40 लोगों की तबीयत में सुधार है. इस घटना में किसी की जान नहीं गई है. जरूरत पड़ने पर जिला मुख्यालय से चिकित्सा टीम भेजी जा सकती है. उन्होंने बताया कि कई लोगों को जल्दी ही अस्पताल से रिलीज किया जा सकता है.
नौडीहा बाजार प्रखंड के जमुआ गांव में शुक्रवार को विमलेश यादव ने अपने घर पर गृह प्रवेश के मौके पर भोज का आयोजन किया था. आस-पास के गांवों के लोग भी इस आयोजन में शामिल हुए और साथ में खाना खाये. भोजन खाने के बाद जल्द ही लोगों को उल्टी, शरीर में दर्द और बुखार की शिकायत होने लगी. बीमार लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई, जिससे रविवार तक स्थानीय लोग घबरा गए. डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश अग्रवाल को ने आशंका जतायी है कि फूड पॉइजनिंग की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी है. फिलहाल अस्पताल पहुंचे मरीजों का तेजी से इलाज चल रहा है. कई मरीजों की तबीयत में सुधार है. कई को छुट्टी दी गई है. बीमार पड़ने वालों में पुरूष, महिला, बच्चे शामिल हैं.
स्वास्थ्य विभाग की एक टीम जमुआ खरिहा गांव पहुंची, जहां उन्होंने लोगों की जांच की और उन्हें मेडिकल मदद दी. स्वास्थ्य कर्मियों ने खाने के सैंपल भी लिए हैं. इस अचानक हुई घटना से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया. स्थानीय अधिकारी और स्वास्थ्य टीमें स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं. सीओ राजेश कुमार भी गांव पहुंचे.
समारोह में मेहमानों को पूड़ी, बुंदिया, आलू-गोभी और पनीर की सब्जी परोसी गई थी. बताया जा रहा है कि भोजन करने के बाद उसी रात से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. एक के बाद एक लोगों को बुखार, पेट दर्द, शरीर में दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शुरुआत में लोगों ने गांव के ग्रामीण चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों में कचनपुर निवासी प्रदीप यादव और ललिता देवी के अलावा जमुआ निवासी आकाश कुमार, आशीष कुमार, दिलीप कुमार, रेणु कुमारी, निशा कुमारी, मंजू देवी, सूरज कुमार, सीमा देवी, उर्मिला देवी, अंकित, रंजीत यादव, केशरी यादव, शिवनंदन यादव, मोहन यादव, परीखा यादव, मुन्नी देवी, शुभम कुमार, बरती देवी, किशुन यादव, लखपतिया देवी, मनोज कुमार, दीपक कुमार, हीरा यादव और काजल कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं.