Palamu News : पलामू स्थित नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में धान के खेत से लापता महिला गीता देवी का शव बरामद होने का मामला पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गंभीरता से लिया है. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की समीक्षा की. इस क्रर्म में उन्होंने गीता देवी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया.

गीता देवी के परिजनों से बात करते पुलिस अधीक्षक
जानकारी के अनुसार बसना पंचायत निवासी शशि पासवान की पत्नी गीता देवी दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटने के दौरान लापता हो गयी थीं. परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन वो नहीं मिली. बाद में महिला का शव गांव के एक धान के खेत से बरामद किया गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया.
पुलिस के अनुसार कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए कार्रवाई करेगी. पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय जानकारी होने पर पुलिस को उपलब्ध करायें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.