Ranchi: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) में लगे झारखंड पवेलियन का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. मुख्यमंत्री के साथ राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी शामिल रहे. इस अवसर पर झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और राज्य की विविध उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है.
प्रगति मैदान में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का 14 से 27 नवंबर तक आयोजन होगा. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने कलाकारों, उद्यमियों और प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और कामकाज की जानकारी ली. इसके साथ ही झारखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए उम्मीद जतायी कि झारखंडी उत्पाद देश-दुनिया में अपनी पहचान और खासयित स्थापित करे.
मुख्यमंत्री ने कहा है,"हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी झारखंड इस मेले में अपनी भागीदारी निभा रहा है. इस बार “विकास और विरासत" की भावना के साथ राज्य के विभिन्न विभागों ने झारखंड की उपलब्धियों और संभावनाओं को प्रस्तुत किया है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की सहभागिता, स्थानीय कारीगरों की कला और विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की प्रगति की झलक झारखंड पवेलियन में देखने को मिलेगी. हमारा प्रयास है कि विकास के साथ अपनी समृद्ध विरासत, संस्कृति और पहचान को भी आगे बढ़ाएं.”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और उद्यमियों से राज्य के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान दिलाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया है. व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन को 800 वर्ग फीट क्षेत्र में तैयार किया गया है. यहां उद्योग विभाग, खान, पर्यटन, खादी बोर्ड और जेएसएलपीएस समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के कुल 22 स्टॉल लगाये गये हैं. इन स्टॉलों के माध्यम से राज्य की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन की संभावनाओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किये जा रहे हैं.
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शामिल है. इसमें झारखंड पवेलियन राज्य के उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश के व्यापारियों और आगंतुकों के सामने प्रस्तुत करने का मंच उपलब्ध करा रहा है. इसके जरिये स्थानीय कलाकारों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.