Ranchi: झारखंड में 329 कर्मचारियों के नाम पर वेतन की निकासी सिर्फ 29 बैंक खातों में हुई है. इन कर्मचारियों के नाम पर वेतन के रूप में कुल 31.47 करोड़ रुपये की निकासी की गयी है. एक ही बैंक खातों में कई-कई लोगों के नाम पर वेतन की निकासी बड़े पैमान पर हुई, जो जालसाजी का संकेत है.
राज्य में वेतन मद में हुई फर्जी निकासी की जांच में कर्मचारियों के मास्टर डाटे के विश्लेषण से चौकाने वाले तथ्य प्रकाश में आये हैं. आंकड़ों के विश्लेषण में एक बैंक अकाउंट में कई-कई लोगों के वेतन की निकासी की गयी है.
नियमानुसार, एक बैंक अकाउंट में एक ही कर्मचारी के नाम पर वेतन की निकासी की जानी है. जांच में पाया गया कि 329 कर्मचारियों के नाम पर 31.47 करोड़ रुपये की निकासी सिर्फ 29 बैंक खातों में की गयी है. जिन लोगों के नाम पर वेतन की निकासी की गयी है, उसमें से कुछ सरकारी कर्मचारी हैं. जबकि कुछ किसी भी तरह से सरकार में नियुक्त नहीं हैं. जिन 29 बैंक खातों में वेतन मद से निकासी की गयी है, उसमें से सिर्फ 11 बैंक अकाउंट ही IFMS के कर्मचारियों के मास्टर डाटा में हैं. 18 अकाउंट का कोई ब्योरा मास्टर डाटा में दर्ज नहीं है.
कर्मचारियों के मास्टर डाटा में पाये गये 11 बैंक अकाउंट्स में से तीन में कर्मचारियों का नाम मास्टर डाटा में दर्ज कर्मचारियों के नाम से नहीं मिलता है. इसके बावजूद इन खातों में वेतन के नाम पर निकासी की गयी है.
जांच में पाया गया कि शंभु कुमार के नाम से जुड़े बैंक खाते में छह कर्मचारियों के नाम पर 10.95 करोड़ की निकासी की गयी है. संगीता चौधरी के खाते में पांच कर्मचारियों के वेतन के नाम पर 4.46 करोड़ की निकासी की गयी है. सौरभ कुमार सिंह के खाते में पांच कर्मचारियों के नाम पर 3.93 करोड़ की निकासी की गयी है. इसी तरह कौशल कुमार पांडेय के खाते में आठ कर्मचारियों के नाम पर 3.07 करोड़ रुपये की निकासी की गयी है.
| खाताधारी | कर्मचारी | राशि | स्थान |
| शंभू कुमार | 06 | 10.95करोड़ | गया,बिहार |
| संगीता चौधरी | 05 | 4.46 करोड़ | गया,बिहार |
| सौरभ कुमार सिंह | 04 | 3.93 करोड़ | औरंगाबाद,बिहार |
| कौशल कुमार पांडे | 08 | 3.07 करोड़ | बोकारो |
| राजकुमारी देवी | 05 | 2.05 करोड़ | बोकारो |
| मुनिंद्र कुमार | 04 | 1.82 करोड़ | दीपाटोली |
| अनिल कुमार दास | 04 | 85.09 लाख | देवघर |
| मनोज कुमार यादव | 06 | 57.76 लाख | पलामू |
| अशोक कुमार | 04 | 53.41 लाख | पलामू |
| हेडमास्टर,बोआरीजोर | 05 | 32.43 लाख | गोड्डा |
| सबिता कुमारी | 08 | 26.32 लाख | देवघर |
| मुकेश कुमार | 10 | 25.85 लाख | बोकारो |
| BDOमहेशपुर | 04 | 24.25 लाख | पाकुड़ |
| बिंदु कुमारी | 09 | 17.15 लाख | देवघर |
| प्रभात कुमार | 08 | 16.22 लाख | देवघर |
| प्रियंका कुमारी | 08 | 15.03 लाख | देवघर |
| सरकार हेम्ब्रम | 26 | 14.14 लाख | रांची |
| कविता कुमारी | 04 | 9.26 लाख | बोकारो |
| सुजीत कुमार वर्मा | 06 | 7.89 लाख | जमशेदपुर |
| देव नारायण मुर्मू | 16 | 7.77 लाख | पूर्वी सिंहभूम |
| रौशन नाग | 05 | 5.62 लाख | जमशेदपुर |
| अरूण कुमार मार्डी | 07 | 3.28 लाख | पश्चिम सिंहभूम |
| गोराचंद मरांडी | 04 | 1.00 लाख | मयूरभंज ओडिशा |
| तुलसी सोय | 02 | 21.22 लाख | सरायकेला |
| लगनू उरांव | 02 | 28.39 लाख | गुमला |
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment