Search

 
 
 

Jharkhand T20 Cricket League : संथाल स्ट्राइकर्स की छोटानागपुर रॉयल्स पर धमाकेदार जीत

झारखंड T20 क्रिकेट लीग में शुक्रवार को संथाल स्ट्राइकर्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की और दो अहम अंक हासिल किये.
 

Ranchi : झारखंड T20 क्रिकेट लीग में शुक्रवार को संथाल स्ट्राइकर्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की और दो अहम अंक हासिल किये.


जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मैच में मिली इस एकतरफा जीत के बाद संथाल स्ट्राइकर्स की टीम अब पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जिससे लीग के आगामी मैचों के लिए नॉकआउट की रेस और दिलचस्प हो गई है.


इस मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह उल्टा पड़ गया. स्ट्राइकर्स की अनुशासित गेंदबाजी के सामने रॉयल्स की team अपनी पारी की आखिरी गेंद पर महज 128 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.


टीम की ओर से नाज़िम सिद्दीकी और हिमांशु कुमार गुप्ता ने सर्वाधिक 23-23 रनों का योगदान दिया, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने के कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी.


संथाल स्ट्राइकर्स के गेंदबाज मनीषी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. उनके अलावा शादाब हुसैन ने 20 रन देकर 2 और अनमोल राज ने 26 रन देकर 2 विकेट लिए.


जवाब में 129 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स के बल्लेबाजों ने तूफानी शुरुआत की और विरोधी टीम के गेंदबाजी आक्रमण को बैकफुट पर धकेल दिया. स्ट्राइकर्स ने सिर्फ 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 129 रन बना लिए और 41 गेंदें शेष रहते 7 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.


टीम की इस जीत में विवेक कुमार ने 17 गेंदों में 38 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि कुमार सूरज ने 16 गेंदों में तेज़ 33 रन बनाए. रॉयल्स की तरफ से चंदन कुमार मुखी ही कुछ प्रभाव छोड़ सके, जिन्होंने 10 रन देकर 2 विकेट हासिल किए.


इस जीत के बाद पॉइंट्स टेबल के समीकरण भी बदल गए हैं. संथाल स्ट्राइकर्स महत्वपूर्ण अंक बटोरकर अब पांचवें स्थान पर मजबूत स्थिति में आ गई है, वहीं इस हार से छोटा नागपुर रॉयल्स के लिए आगे की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही