Ranchi News : झारखंड के कई हिस्सों में 21 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि 16 से 19 सितंबर तक खास सावधानी बरतनी होगी. इन चार दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.
20 और 21 सितंबर को भी राज्य में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. हालांकि इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने किसी खास चेतावनी की जानकारी नहीं दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. (रांची से जुड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें....)
रांची में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 16 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
17 और 18 सितंबर को रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है. दोनों दिनों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. 19 सितंबर को भी बारिश के साथ बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है.
20 और 21 सितंबर को रांची में भी बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों में झारखंड में बारिश के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें