Ranchi : झारखंड में 22 सितंबर से बारिश का दौर जारी है. लेकिन लोगों को अभी बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने आज 26 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई जगह मेघ गर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.
रांची में भी बारिश की संभावना
राजधानी रांची में 26 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान एक से अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
27 सितंबर को भी बारिश और वज्रपात के आसार
आईएमडी के अनुसार, 27 सितंबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है.
हालांकि मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. आईएमडी की मानें तो अगले दो दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.