Search

 
 
 

Jharkhand Weather: बारिश के आसार बढ़े, अगले 3 दिनों में तापमान 3 डिग्री तक घटेगा

झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना जताई है
 

Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना जताई है. इसके साथ ही अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है. इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है.

 

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश बालूमाथ में रिकॉर्ड की गई.

 

रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी


मौसम विभाग ने 18 जून के लिए राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. इस दायरे में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं.

 

वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. इनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं.19 से 21 जून तक भी मौसम विभाग ने पूरे राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है.

 

रांची में अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार


रांची और आसपास के क्षेत्रों में 18 से 20 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

 

21 जून को सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.22 से 24 जून तक भी रांची में आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने के संकेत हैं.

 

रांची में सामान्य से अधिक बारिश


1 जून से 18 जून तक रांची जिले में 86.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. यह इस अवधि के सामान्य आंकड़े 77.5 मिमी से 12 प्रतिशत अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही