Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है. हालांकि, 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा. इसके बाद न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. मौसम में इस बदलाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 23 नवंबर को कोल्हान और आसपास के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघ गर्जन की भी आशंका है. वहीं, रांची सहित राज्य के दूसरे हिस्सों में आसमान में बादल छाये रह सकते हैं. सोमवार सुबह दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जतायी गयी है.
पांच दिनों तक सुबह कोहरे का असर
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 से 28 नवंबर तक सुबह के समय राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है. आसमान साफ रहने और बादलों की आवाजाही कम होने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक नीचे जा सकता है.
कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई. इस दौरान कोडरमा में सर्वाधिक 54 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी. राजधानी रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिमी बारिश दर्ज हुई. इसके अलावा लातेहार में दो मिमी और खूंटी में करीब एक मिमी वर्षा हुई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश का दौर थमने के बाद तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है.