Ranchi: झारखंड में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र रांची ने राज्य के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें:
मौसम विभाग के अनुसार, 2 अगस्त को राज्य के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
3 अगस्त को भी पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवा का असर बना रहेगा.
4 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है.
5 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है.
6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य इलाकों में भी वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी.
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
पिछले 24 घंटे में हजारीबाग के डीवीसी क्षेत्र में सबसे अधिक 43.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राजधानी रांची में 8 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वज्रपात और तेज हवा के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों, खुले मैदान से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment