Search

 
 
 

Jharkhand Weather : सुबह कोहरा, दिन की धूप से गर्मी और रात में ठंड का एहसास, अभी और गिरेगा पारा...

Lagatar Desk : झारखंड के मौसम में हर दिन तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. राज्य भर में जहां सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे और धुंध से हो रही है, वहीं दिन चढ़ने के साथ खिल रही तेज धूप के कारण कोल्हान समेत कई जिलों में तापमान 31 डिग्री के पार पहुंच गया है और लोगों को हल्की गर्मी महसूस हो रही है. लेकिन सूरज ढलते ही मौसम करवट ले रहा है और रात में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. मौसम विभाग की मानें तो ठंड का यह असर अभी और तेज होगा और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
 
तापमान में गिरावट

Ranchi :  झारखंड में हर दिन मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां सुबह में हल्का कोहरा और धुंध हो रही है. वहीं दिन चढ़ने के साथ खिल रही तेज धूप के कारण  कई जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ गया है, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस हो रही है.  लेकिन सूरज ढलते ही तापमान में गिरावट आने से रात में ठंड का एहसास बढ़ गया है. मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज आ सकती है, जिससे रात में और अधिक ठंड लगेगी. 

 

जगन्नाथपुर और चाईबासा का अधिकतम तापमान सबसे अधिक

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के लौटने और आसमान में छाए बादलों के छंटने से कोल्हान प्रमंडल के जिलों में अधिकतम तापमान में अंतर देखने को मिला है. पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

 

वहीं चाईबासा में 31.4 डिग्री  और जमशेदपुर में 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. इसके विपरीत राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है. इसी तरह डालटनगंज में 26 डिग्री और बोकारो में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

 

अगले 3 दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज आ सकती है. 27 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. लातेहार और रामगढ़ में पारा सबसे अधिक गिरकर 10 डिग्री तक आने की संभावना है.

 

जबकि राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. खासकर ग्रामीण, खुले और ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा, जिससे सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत बढ़ जाएगी. इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा. ऐसे में दिन में धूप निकलने से राहत मिलेगी. लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा.

 

30 नवंबर तक सुबह में कोहरा, फिर आसमान रहेगा साफ 

मौसम केंद्र के मुताबिक, 25 से 30 नवंबर तक पूरे राज्य में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा या कुहासा छाया रहेगा और दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा. मौसम में इस बदलाव का असर मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में देखने को मिलेगा.

 

वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी सुबह कोहरा और बाद में साफ मौसम रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम का यही रुख रहने का अनुमान है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही