Ranchi : झारखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं 24 और 25 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम झारखंड के मौसम को प्रभावित करेगा. 21 सितंबर को यह डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. 23 सितंबर की सुबह इसके दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने की संभावना है.
20 सितंबर से बढ़ेगी बारिश
20 सितंबर को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. 21 से 23 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मेघ गर्जन भी हो सकता है.
वहीं 24 और 25 सितंबर को बारिश का असर और बढ़ सकता है. राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात होने की संभावना है.
23 सितंबर के बाद गिरेगा तापमान
अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.
रांची में भी बदलेगा मौसम
रांची में 20 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
21 सितंबर की बात करें तो यहां बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं 22 सितंबर को दो या उससे ज्यादा बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
23 सितंबर को रांची में मध्यम बारिश की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. 24 और 25 सितंबर को भी रांची में दो या उससे ज्यादा बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.