Lagatar Desk- झारखंड प्रदेश बीजेपी कार्यसमिति की बैठक 24-25 अक्टूबर को रांची में होगी. इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होंगे. वे 23 अक्टूबर की शाम ही रांची पहुंचेंगे. कार्यसमिति की बैठक को लेकर गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे एवं स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की गई.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का धरती आबा बिरसा मुंडा की पावन भूमि झारखंड में यह दूसरा आगमन होगा. उनके स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है. उनके आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं. उनके स्वागत के लिए राजधानी रांची को भाजपा के द्वारा झंडों, बैनरों और पताकाओं से सजाया गया है.
बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 23 अक्टूबर को शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे. उनके स्वागत में झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत के साथ पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है।. राजधानी में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे. अपने प्रवास के दौरान वे 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेंगे.
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय एवं राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह,प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव,मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भाष्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह , दर्ज महतो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.