- 100 मिनट में फुल हुआ इश्यू
Lagatar Desk : रिलायंस जियो के आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. कंपनी ने जितने शेयर बिक्री के लिए रखे थे, उसके मुकाबले 22.19 गुना ज्यादा शेयर खरीदने के लिए आवेदन मिले हैं. आकंड़ों के अनुसार, करीब 1.39 करोड़ लोगों ने आईपीओ खरीदने के लिए आवेदन किया.
100 मिनट में ही पूरा भर गया आईपीओ
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला और 23 अक्टूबर को बंद हुआ. खास बात यह रही कि आईपीओ खुलने के करीब 100 मिनट के अंदर ही यह पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया. करीब 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले निवेशकों ने 438.3 करोड़ शेयर खरीदने के लिए बोलियां लगाईं. छोटे निवेशकों ने भी 25,867 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदने में दिलचस्पी दिखाई. वहीं आम लोगों ने 4.9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर की
किस श्रेणी के निवेशकों ने कितने शेयर मांगे?
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) : 70.55 गुना सब्सक्राइब
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) : 14 गुना सब्सक्राइब
रिटेल निवेशक : 2.72 गुना
रिलायंस के मौजूदा शेयरधारक : 7.60 गुना सब्सक्राइब
कर्मचारी : 2.93 गुना
डोमेस्टिक फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस (DIIs) : 152.5 करोड़ शेयर
फॉरेन इंस्टीट्यूशंस इन्वेस्टर्स (FIIs) : 123.9 करोड़ शेयर
म्यूचुअल फंड : 35.7 करोड़ शेयर
एंकर निवेशकों से जुटाए 8,110 करोड़ रुपये
आईपीओ खुलने से पहले ही जियो प्लेटफॉर्म्स ने बड़े निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटा लिए थे. कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर अलॉट किए थे. यह आईपीओ का अधिकतम मूल्य था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एंकर निवेशकों की ओर से भी 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां आईं. इस श्रेणी में ब्लैकरॉक, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, जीआईसी और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसे बड़े वैश्विक निवेशक शामिल थे.
कर्ज चुकाने से लेकर डिजिटल विस्तार में खर्च होंगे पैसे
रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.4% हिस्सेदारी है. कंपनी का लक्ष्य आईपीओ से करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाना है. कंपनी की योजना जुटाई गई रकम में से 27,500 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल अपनी सहायक कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम का कर्ज चुकाने में करने की है. इसके अलावा पैसे का इस्तेमाल तकनीक को बेहतर बनाने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने, नए निवेश और कारोबार से जुड़े दूसरे खर्चों के लिए किया जाएगा.
28 को शेयर बाजार में होगी लिस्टिंग
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर 28 अक्टूबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होने वाले हैं. आईपीओ के लिए ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 23.24% बताया गया है. हालांकि, ग्रे मार्केट का यह प्रीमियम अनौपचारिक होता है और इसमें बदलाव हो सकता है. यह शेयर की लिस्टिंग के समय मिलने वाले वास्तविक भाव की गारंटी नहीं देता.