Search

 
 
 

जेएनयू छात्र संघ चुनाव : बैठक के दौरान दो छात्र संगठनों के बीच झड़प, कई छात्र घायल

 
NewDelhi :  जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ चुनाव 2024 के लिए निर्वाचन आयोग के सदस्यों को चुनने के लिए साबरमती ढाबे पर विश्वविद्यालय आम सभा की बैठक (यूजीबीएम) बुलायी गयी थी. शुक्रवार देर रात हुई बैठक के दौरान एबीवीपी और वाम दल छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच झड़प हो गयी. इस झड़प में दोनों संगठनों के कई छात्र घायल हुए. जिनका इलाज सफदरजंग अस्पताल में किया गया. दोनों पक्षों ने इस झड़प के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाये हैं. हालांकि इस पर जेएनयू प्रशासन ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

स्टूडेंट्स फेडरेशन का दावा-एबीवीपी के गुंडों ने जेएनयूएसयू अध्यक्ष से की बदसलूकी

वाम दल से संबद्ध ‘डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन’ (डीएसएफ) ने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य मंच पर चढ़ गये और उन्होंने परिषद के सदस्यों तथा वक्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की. सोशल मीडिया पर दोनों समूहों द्वारा साझा की गयी वीडियो में एबीवीपी और जेएनयू छात्र संघ के सदस्यों को नारेबाजी के बीच बहस करते हुए देखा जा सकता है. जबकि विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी स्थिति को काबू में करने की कोशिश में लगे दिखायी दिये. ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने दावा किया कि जेएनयूएसयू अध्यक्ष आइशी घोष पर के साथ एबीवीपी के गुंडों ने बदसलूकी की और उन पर हमला किया और झड़प के दौरान उन पर पानी फेंका.

एबीवीपी का आरोप- वामपंथी समूहों के छात्रों ने दिव्यांग छात्र के साथ मारपीट की

दक्षिणपंथी छात्र समूह ने आरोप लगाया कि डीएसएफ कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी के जेएनयू सचिव विकास पटेल पर हमला किया. उन्होंने कहा कि झड़प के दौरान निजी दुश्मनी के तहत एक अन्य छात्र से भी मारपीट की गयी. एबीवीपी ने आरोप लगाया कि एमए अंतिम वर्ष के एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला किया गया. उसने यह भी दावा किया कि वामपंथी समूहों के छात्रों ने बीए पर्शियन के एक दिव्यांग छात्र के साथ भी मारपीट की. क्योंकि वह एबीवीपी का समर्थन कर रहा था. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही