Search

 
 
 

Ramgarh News: हिंदी दिवस पर प्रेस क्लब में पत्रकार संगोष्ठी आयोजित

Ramgarh News: प्रेस क्लब के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद ने कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और भावनाओं की पहचान है. पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी का विशेष महत्व है. पत्रकारों का दायित्व है कि वे सरल, सहज और शुद्ध हिंदी का प्रयोग करते हुए समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखें.
 
पत्रकार संगोष्ठी

Ramgarh News: हिंदी दिवस के मौके पर सोमवार को प्रेस क्लब रामगढ़ परिसर में पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रदीप राज बबलू, सचिव धर्मेंद्र पटेल, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, सह सचिव दिलीप सिंह सहित जिले के वरिष्ठ  पत्रकार साथी उपस्थित रहे. संगोष्ठी में हिंदी भाषा के महत्व, पत्रकारिता में हिंदी की भूमिका तथा वर्तमान समय में पत्रकारों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई.

इसे भी पढ़ें: 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद ने कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और भावनाओं की पहचान है. पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी का विशेष महत्व है. पत्रकारों का दायित्व है कि वे सरल, सहज और शुद्ध हिंदी का प्रयोग करते हुए समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखें. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए भाषा के साथ-साथ तथ्यों की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है.

 

उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार बबलू ने कहा कि हिंदी ने पत्रकारिता को आम जनता से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है. ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों की समस्याओं को हिंदी पत्रकारिता के माध्यम से प्रमुखता से सामने लाया जा सकता है. उन्होंने पत्रकारों से हिंदी भाषा के अधिक से अधिक प्रयोग तथा नई पीढ़ी को हिंदी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया.

 

सचिव धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि आज डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. ऐसे समय में हिंदी पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. समाचार लिखते समय भाषा की गरिमा, तथ्यात्मकता और निष्पक्षता का ध्यान रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का कार्य करती है, इसलिए पत्रकारों को अपनी लेखनी का उपयोग जनहित में करना चाहिए.

 

कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम ने कहा कि हिंदी दिवस हमें अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का एहसास कराता है. पत्रकारिता में प्रभावशाली एवं सरल हिंदी का प्रयोग पाठकों तक समाचार को बेहतर तरीके से पहुंचाने में सहायक होता है. उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ-साथ भाषा और पत्रकारिता की गरिमा को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयास करेगा.

 

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वर्तमान समय में तकनीक और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद हिंदी समाचार-पत्रों और पत्रकारों की प्रासंगिकता बनी हुई है. वरिष्ठ पत्रकारों ने युवा पत्रकारों से भाषा का निरंतर अध्ययन करने, तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करने तथा पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन करने की अपील की.

 

संगोष्ठी के दौरान पत्रकारिता में हिंदी भाषा की भूमिका, बदलते मीडिया परिदृश्य, पत्रकारों की जिम्मेदारी, समाचारों की विश्वसनीयता तथा पत्रकार हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने हिंदी भाषा के सम्मान और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया. मौके पर प्रेस क्लब के पूर्व सचिव योगेंद्र सिन्हा, पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण बागी, पूर्व सह सचिव नारायण दत्त व्यास, अशोक मेहता, उमेश सिन्हा, कार्तिक कुमार, मोहम्मद वालीउल्लाह, कार्यकारिणी सदस्य रितेश कश्यप, अमित पाठक, सुरेंद्र सिंह सहित रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटुस मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही