Ranchi : झारखंड में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच एक सवाल लगातार गूंज रहा है -क्या भर्ती परीक्षाएं समय पर पूरी होंगी या फिर उम्मीदवारों को केवल इंतजार ही करना पड़ेगा? झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कई भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी, परीक्षाओं का स्थगित होना, परिणाम आने में लंबा समय लगना और कई मामलों में विवादों के कारण अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ती जा रही है.
JPSC द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर में कई भर्ती प्रक्रियाओं की तिथियां निर्धारित की गई थीं, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी कई भर्तियों से संबंधित कोई नया नोटिस जारी नहीं किया गया. विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर (बैकलॉग) भर्ती (विज्ञापन संख्या 05/2018), असिस्टेंट प्रोफेसर (रेगुलर) भर्ती (विज्ञापन संख्या 04/2018), यूनिवर्सिटी प्रोफेसर कम चीफ साइंटिस्ट (विज्ञापन संख्या 10/2023), एसोसिएट प्रोफेसर कम सीनियर साइंटिस्ट (विज्ञापन संख्या 17/2023) तथा आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी मेडिकल ऑफिसर भर्ती (विज्ञापन संख्या 09/2022, 10/2022 और 11/2022) जैसी कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाएं तय समय पर आगे नहीं बढ़ सकीं और अभ्यर्थी अब भी अपडेट का इंतजार कर रहे हैं.
वहीं जिन भर्तियों में परिणाम जारी किए गए, उनमें भी अभ्यर्थियों को लंबा इंतजार करना पड़ा. उदाहरण के तौर पर—
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन), विज्ञापन संख्या 22/2023: हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद 5 जून 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया गया.
- असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (विज्ञापन संख्या 03/2024): 7 जुलाई 2026 को परिणाम प्रकाशित किया गया.
- फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर भर्ती: 3 जुलाई 2026 को परिणाम जारी किया गया.
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (बैकलॉग), विज्ञापन संख्या 05/2025: 5 मई 2026 को परिणाम जारी किया गया.
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (रेगुलर), विज्ञापन संख्या 06/2025: 19 जून 2026 को परिणाम प्रकाशित किया गया.
- बैकलॉग संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023: 24 जून 2026 को परिणाम जारी किया गया.
- 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025: जनवरी 2026 में विज्ञापन जारी हुआ, 19 अप्रैल को परीक्षा आयोजित हुई और 2 जुलाई 2026 को परिणाम प्रकाशित किया गया. हालांकि परिणाम जारी होने के तुरंत बाद मुख्य परीक्षा की तिथि को लेकर यह भर्ती फिर विवादों में आ गई.
JSSC की स्थिति भी इससे अलग नहीं रही. कई भर्तियों में आवेदन की अंतिम तिथि बार-बार बढ़ाई गई, जबकि कई परीक्षाएं और उनके परिणाम लंबे समय तक लंबित रहे. प्रमुख उदाहरण-झारखंड तकनीकी विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा: आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी गई.झारखंड टेक्निकल ग्रेजुएट लेवल संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023: परीक्षा के काफी समय बाद 2 जुलाई 2026 को उत्तर कुंजी जारी की गई.
JSSC CGL-2023: वर्ष 2024 में परीक्षा आयोजित हुई, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद उसे रद्द करना पड़ा. दोबारा परीक्षा के बाद भी पेपर लीक के आरोप लगे, मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा और लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद परिणाम जारी कर नियुक्तियां दी गईं.
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों का कहना है कि अधिकांश भर्तियां या तो तय समय से काफी देर से पूरी होती हैं, या फिर विवादों और कानूनी प्रक्रियाओं में उलझ जाती हैं. कई बार अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट की मांग को लेकर आंदोलन करना पड़ता है, अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता है और सड़कों पर प्रदर्शन भी करना पड़ता है.
लंबी भर्ती प्रक्रिया का सबसे बड़ा असर उन युवाओं पर पड़ता है, जिनकी उम्र परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति का इंतजार करते-करते निकल जाती है. कई अभ्यर्थियों को एज रिलैक्सेशन की मांग के लिए आंदोलन और कोर्ट का सहारा लेना पड़ा है. ऐसे में सवाल है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाएं और नियुक्तियां आखिर कब समयबद्ध होंगी, या फिर युवाओं के हिस्से में आगे भी केवल परीक्षा नहीं, बल्कि "प्रतीक्षा" ही आएगी.

Leave a Comment