Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने और घर उजाड़ने की धमकी देने वाले एक वायरल वीडियो को लेकर रांची के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामला जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो को लेकर सामने आया है.
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर ने पुलिस को आवेदन देकर वायरल वीडियो की जांच और उसमें कथित तौर पर धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
सोशल मीडिया वीडियो को लेकर शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार, फेसबुक की ‘खबर अड्डा’ नाम के पेज पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके घर में घुसने, जान से मारने और घर उजाड़ने जैसी बातें करता दिखाई दे रहा है.
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो तेजी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन रहा है. शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह की सामग्री से लोगों को हिंसा के लिए उकसाने और मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ माहौल बनाने की स्थिति पैदा हो सकती है.
छात्रों से पूछताछ के बाद सामने आया नाम
शिकायतकर्ता का कहना है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे कुछ छात्रों से जानकारी ली गई. तस्वीर दिखाए जाने पर छात्रों ने कथित तौर पर उस व्यक्ति की पहचान विश्वजीत समंदर के रूप में की.
आवेदन में उसे विश्व हिंदू परिषद से जुड़ा व्यक्ति बताया गया है और उसका पता बोकारो थर्मल क्षेत्र का बताया गया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को कथित तौर पर उसका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है.
वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखने का दावा
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि वायरल वीडियो को मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सुरक्षित रखा गया है. इसके अलावा वीडियो की एक कॉपी पेन ड्राइव में भी सुरक्षित रखने की बात कही गई है. वायरल फेसबुक पोस्ट का लिंक भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है.
अब पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और वीडियो के वास्तविक संदर्भ की जांच करेगी. साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि वीडियो कब और कहां बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें