Search

 
 
 

गांडेय से कल्पना सोरेन करेगी राजनीतिक सफर की शुरुआत, झामुमो की बैठक में लगी मुहर

 
  • 21 को प्रभात तारा मैदान में न्याय उलगुलान महारैली
  • देश भर के इंडिया गठबंधन के नेता होंगे शामिल, कल्पना करेंगी अगवानी
  • बैठक में सभी को दिया गया लाेस चुनाव और रैली का टास्क
Ranchi : कल्पना सोरेन गांडेय से झामुमो की प्रत्याशी होंगी. शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई झामुमो की बैठक में कल्पना सोरेन के नाम पर मुहर लगी. बैठक में आम आदमी पार्टी की तर्ज पर झामुमो ने महारैली करने का निर्णय लिया है. आगामी 21 अप्रैल को प्रभात तारा मैदान में न्याय उलगुलान महारैली का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है. इस महारैली में इंडिया गठबंधन दल के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे. झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस रैली में इंडिया गठबंधन के तमाम राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बुलाया जायेगा. इस बैठक में कल्पना सोरेन भी मौजूद थी. बैठक में गांडेय विधानसभा सीट से कल्पना सोरेन की उम्मीदवारी पर भी मुहर लगी है. वह गांडेय से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करेंगी.

विधायकों को मिला लोकसभा जिताने का टास्क

भट्टाचार्य ने बताया कि बैठक में सभी विधायकों को कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करायें. इसके लिए उन्हें हर प्रकार का सहयोग प्रत्याशियों को देना है. वहीं विधायकों को कहा गया है कि उनके अपने लोकसभा क्षेत्र के अलावा आसपास के अन्य लोकसभा क्षेत्र में भी जहां उनका प्रभाव है, वहां अपने प्रभाव का उपयोग करे मतदाताओं को गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें. गांव-गांव जायें, लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं के बाबत जानकारी देते हुए वोट के लिए प्रेरित करें.

ऐसी रैली होगी जो पहले कभी नहीं हुआ : चंपाई

बैठक में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि यह रैली इतनी ऐतिहासिक होगी जो पहले कभी रांची में न हुआ है और न ही आने वाले समय में होगा. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ यह आक्रोशित लोगों की रैली होगी. जिसमें पूरे भारतवर्ष से भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया जायेगा. यह न्याय उलगुलान होगा. एक-एक वोट भाजपा पर चोट होगा. वहीं कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत जी अभी अंदर है, आपकी ताकत से ही वह मजबूती के साथ संघर्ष कर रहे हैं. यही ताकत रैली और चुनाव में भी दिखनी चाहिए.

लोबिन और चमरा नहीं पहुंंचे बैठक में

झामुमो विधायक और सांसदों की बैठक में दो विधायक लोबिन हेंब्रम और चमरा लिंडा नहीं पहुंचे. इसको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. चमरा लिंडा जहां लोहरदगा सीट कांग्रेस से नहीं लेने के कारण नाराज बताए जा रहे हैं. जबकि इन्हें मनाने के लिए पार्टी ने एक वरिष्ठ मंत्री को लगाया था. यानि कि वे नहीं माने. न ही झुके. अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वे हर हाल में लोहरदगा से चुनाव लड़ेंगे. लोबिन हेंब्रम पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि अगर उन्हें राजमहल से प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो वह निर्दलीय मैदान में उतरेंगे.

कल्पना करेंगी इंडिया गठबंधन के नेताओं की अगवानी, संयुक्त रूप से होगा लोस चुनाव का आगाज

झामुमो इस रैली के माध्यम से झारखंड में इंडिया गठबंधन, झारखंड में लोकसभा चुनाव के अपने संयुक्त अभियान का आधिकारिक आगाज करेगा. रांची के प्रभात तारा मैदान में प्रस्तावित न्याय उलगुलान रैली में कल्पना सोरेन पर भी निगाहें होंगी कि वे इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज नेताओं की अगवानी किस प्रकार करती हैं. कैसे वह, झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी सहित अन्य मुद्दों पर सहयोगी दल के नेताओं को बोलने के लिए तैयार करती हैं. बताया गया कि न्याय उलगुलान रैली में अपने-अपने समर्थकों के साथ विधायक जुटेंगे. बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को रांची लाने की जवाबदेही भी दी गयी है. उनसे कहा गया है कि यह रैली ऐसी होनी चाहिए जो आजतक कभी नहीं हुई हो. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही