Kiriburu : सारंडा स्थित करमपदा आयरन ओर माइन्स के श्रमिकों ने बाहरी लोगों द्वारा मजदूरों को गलत जानकारी देकर भड़काने और बेवजह खदान को लंबे समये से बंद रखने के खिलाफ बैठक की. मंगलवार को सारंडा पीढ़ के मानकी लागुडा़ देवगम की अध्यक्षता में तथा अखिल झारखंड श्रमिक संघ के कोल्हान प्रभारी राजू सांडिल, जिलाध्यक्ष मोहन लाल चौबे, नवागांव के मुंडा राजेश, भनगांव के मुंडा मंगरा आदि ग्रामीणों की उपस्थित में करमपदा बाजार प्रांगण में विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में उक्त खदान में कार्य करने वाले दर्जनों मजदूर शामिल हुए. उपस्थित मजदूरों ने कहा कि उक्त खदान प्रबंधन ने हम सभी का बकाया पैसा व ग्रेच्युटी पूरा हिसाब कर हमारे खाते में डाल दिया है. हमें उक्त कंपनी प्रबंधन से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है. मजदूरों ने कहा कि अब हम सभी चाहते हैं कि उक्त खदान में पहले जैसा कार्य व लौह अयस्क की ढुलाई कार्य प्रारंभ हो जिसमें स्थानीय मजदूर जो पहले से कार्य करते आ रहे हैं, उन्हें रोजगार मिले. लेकिन कुछ बाहरी लोग हमारे बीच के ही कुछ मजदूरों को अपने स्वार्थ की खातिर गलत तरीके से गुमराह कर खदान के कार्य में बाधा डाल रहे हैं. हमने उक्त खादान के अंदर जितना दिन काम किया है, उसका पूरा रिकार्ड कंपनी प्रबंधन ने रखा है, और उसके अनुसार हमारे खाते में पैसा भी डाला है. कुछ लोग बाहरी तत्वों के इशारे पर गुमराह होकर खदान क्षेत्र के आसपास गांवों के लगभग नब्बे फीसदी मजदूरों का रोजगार छीनने या बाधित करने का कार्य कर रहे हैं जो गलत है. अगर किसी को अपनी ड्यूटी या पैसा से संबंधित विवाद है तो वह कंपनी प्रबंधन के पास जाकर पूरा मामला को देख व समझ सकता है, न कि कुछ के विरोध करने की वजह से नब्बे फीसदी मजदूरों का रोजगार बाधित करे. खदान को चालू रखकर भी अपनी समस्या वैसे मजदूर उठा सकते हैं जिन्हें कंपनी प्रबंधन से अपने हिसाब से संबंधित कोई समस्या है.
करमपदा माइंस के श्रमिकों की बैठक, कहा-खदान में ढुलाई शुरू हो, ताकि हमें रोजगार मिले
Leave a Comment