Dhanbad: जिले के केंदुआडीह क्षेत्र में धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क धंसने की घटना को आज 9 दिन पूरे हो गए, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है और आवागमन ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक राज सिन्हा स्थानीय ग्रामीणों के साथ आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. धरने में बड़ी संख्या में प्रभावित लोग शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं. धरना देने वालों की प्रमुख मांगों में धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क की अविलंब मरम्मत कार्य शुरू करना, सड़क पर आवागमन बहाल करना और प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा सीधे संवाद स्थापित करना शामिल है.
वहीं धरना में शामिल विधायक राज सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सड़क धंसने जैसी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित एजेंसियां संवेदनशीलता नहीं दिखा रही हैं. आम लोगों का जीवन प्रभावित हो चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. यही नहीं विधायक ने पुनर्वास के मुद्दे पर भी स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि जो लोग बेलगड़िया जाना नहीं चाहते, उनके लिए सरायढेला, कार्मिक नगर या अन्य सुरक्षित स्थानों पर बसाने की पहल की जानी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि विस्थापितों की सहमति और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. यही नहीं राज सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

