Search

 
 
 

खूंटी : चलती बाइक में लगी आग, बाल-बाल बचे देवर-भाभी

शहर के बीचों-बीच मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब थाना गेट के सामने एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई. घटना में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, हालांकि बाइक सवार और उनके साथ बैठी महिला सुरक्षित बच गए.
 
प्रतिकात्मक तस्वीर

Khunti :   शहर के बीचों-बीच मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब थाना गेट के सामने एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई. घटना में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, हालांकि बाइक सवार और उनके साथ बैठी महिला सुरक्षित बच गए.

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र के जोबे गांव निवासी अरुण कच्छप अपनी भाभी पूनम बारला के साथ भंडरा की ओर से खूंटी होते हुए अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वे खूंटी थाना गेट के पास पहुंचे, उनकी बाइक में अचानक आग लग गई. शुरुआत में उन्हें इसका अंदाजा नहीं हुआ और वे बाइक चलाते रहे.

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलती बाइक से आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया. इसके बाद अरुण कच्छप ने बाइक रोकी. इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही पलों में पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.

 

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि सभी कोशिशें नाकाम साबित हुईं. इस बीच बाइक सवार थाना परिसर में भी मदद की गुहार लगाने पहुंचा, ताकि किसी तरह अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया जा सके.

 

लेकिन तत्काल कोई सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी और देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई.  बताया जा रहा है कि बाइक वर्ष 2018-19 मॉडल की बजाज कंपनी की पल्सर एनएस 200 थी, जो एक हाईस्पीड बाइक मानी जाती है. 

 

घटना के दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि बाइक सवार और उनकी भाभी समय रहते सुरक्षित उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि, इस घटना ने शहर के बीचों-बीच सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही