Chatra News: चतरा सदर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नकेल को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस नें इलाके में सक्रिय चोर गिरोह का उदभेदन करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है.
सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना अजय कुमार को रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से पकड़ा गया है. वह इलाके में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद हवाई जहाज से दूसरे राज्य में भागने की फिराक में था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अजय के निशानदेही पर अलग-अलग इलाकों में घटित चोरी के कांडो में चुराए गए सामान बरामद किए गए हैं. वहीं गिरोह के अन्य तीन शातिर चोरों को भी पुलिस ने दबोचा है.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/sir-in-uttar-pradesh-up-ceo-admits-software-removed-85854-voter-names-without-cause
https://lagatar.in/union-home-secretary-has-offered-an-unconditional-apology-regarding-internet-shutdown
एसपी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के डाड़ा पंचायत भवन में अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी उपकरण क्षतिग्रस्त कर ताला तोड़ दिया था और कार्यालय में लगे दो मॉनिटर, सीपीयू, बैट्री, इन्वर्टर, स्टेबलाइजर तथा प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा लिए थे. जिसके बाद मामले में सदर थाना में कांड दर्ज कर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया.
एसपी ने बताया कि एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम अभियान चला ही रही थी कि इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि घटना में संलिप्त संदिग्ध अजय कुमार हवाई मार्ग से बाहर भागने की फिराक में है. इसके बाद रांची पुलिस के सहयोग से उसे रांची एयरपोर्ट से पकड़कर चतरा लाया गया. चतरा लाने के बाद उससे कड़ाई से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान अजय के निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए.
एसपी नें बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना अजय कुमार सदर थाना क्षेत्र के टिकर-चंगेर गांव निवासी स्व. महेश यादव का पुत्र है. उन्होंने बताया कि अजय के निशानदेही पर उसके गिरोह में शामिल राजपुर थाना क्षेत्र के पेलतौल गांव निवासी सनोज कुमार, शहर के जतराहीबाग पासी मोहल्ला निवासी देवा नायक और चंगेर गांव निवासी दयाली भारती को भी गिरफ्तार किया गया है. साथ ही गिरफ्तार चोरों के निशानदेही पर चोरी का दो 150 एमएच बैट्री, दो इन्वर्टर, दो 42 इंच एलईडी टीवी, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, स्टेबलाइजर, होम थिएटर, बायोमेट्रिक मशीन, डीवीआर, माइक्रोफोन, पांच मोबाइल और करीब 60 ग्राम चांदी शामिल है.
एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता बिराजपुर, कनौदी, टीकर व सतौर समेत अन्य क्षेत्रों में घटित चोरी की अन्य घटनाओं में भी जांच के दायरे में है. छापेमारी दल में एसडीपीओ के अलावे थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, एसआई सुनील सिंह, राहुल सिंह व एएसआई रवि रंजन कुमार और प्रवीण सिंह समेत तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.