Search

 
 
 

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से हटा केके पाठक का नेम प्लेट, शिक्षा विभाग में री-एंट्री के कयास

 
Patna :  बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक का तबादला राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में किया गया था. वहीं एस सिद्धार्थ को केके पाठक की जगह शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया था. तबादले के तुरंत बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में केके पाठक के नाम का बोर्ड भी लग गया था. लेकिन अचानक से वह बोर्ड हट गया है. कार्यालय के बाहर से केके पाठक के नाम के बोर्ड हटने पर कई तरह के कयास लगाये जा रहे हैं. माना जा रहा है कि केके पाठक की फिर से शिक्षा विभाग में एंट्री हो सकती है.सूत्रों की मानें तो केके पाठक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेवारी नहीं लेना चाहते हैं. वह शिक्षा विभाग में ही काम करना चाहते हैं. उन्होंने सीएम नीतीश से भी इसको लेकर निवेदन किया है.

केके का विवादों से पुराना नाता

बता दें कि केके पाठक को जब से शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी मिली है, तब से वो विवादों में ही रहे हैं. हाल में राजभवन से उनका विवाद तूल पकड़ लिया था. साथ ही स्कूलों में छुट्टी को लेकर भी केके पाठक काफी नाराज हो गये थे. इन सबके बीच जब केके पाठक छुट्टी पर गये तो राजभवन में राज्यपाल की अध्यक्षता में शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ और कुलपतियों की बैठक हुई. इसके बाद शिक्षा विभाग ने भी बैठक कर समस्याओं के निदान को लेकर निर्णय लिया.

दीपक कुमार सिंह को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार

बता दें कि 1990 बैच के आईएएस केके पाठक 3 जून से 30 जून तक छुट्टी पर हैं. ऐसे में दीपक कुमार सिंह को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. 1992 बैच के आईएएस दीपक कुमार सिंह ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं. लेकिन अगले आदेश तक वो राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग भी संभालेंगे. सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है.   [wpse_comments_template]  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही