Search

 
 
 

हजारीबाग: मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी, दुर्घटना का शिकार हो रहे राहगीर

 
Pramod Upadhyay Hazaribagh: जिले में दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई कच्चे मकान ढह गये हैं. जबकि कई जगह बड़े-बड़े पेड़ उखड़ कर सड़कों पर गिर गये हैं. वहीं, शहर में जगह-जगह घुटने भर पानी जम गया है. जिसमें आने जाने वाले लोग काफी परेशान हैं. इन दो दिनों की बारिश में सबसे ज्यादा परेशानी शहर से सटे दर्जन भर गांवों में कच्चे मकान में रहने वाले लोगों को हुई.

नगर निगम पर सवाल उठा रहे स्थानीय लोग

वहीं, शहर में नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में सड़क पर घुटने भर बारिश का पानी जम गया. इस बरसात में निगम द्वारा नालियों की सफाई के दावे की भी पोल खुल गयी. जलजमाव के कारण नाली और सड़क के बीच का अंतर पता ही नहीं चल रहा था. नाली जाम होने के कारण बारिश और नाली की पानी सड़कों पर बह रहा था. कटकमसांडी रोड में कल्लु चौक के पास करीब 500 मीटर लंबी सड़क पर पिछले दो दिनों से घुटने भर पानी जमा हुआ है. जल जमाव के कारण नाली और गड्ढे का पता नहीं चल रहा है, जिससे कई मुसाफिर गिर कर चोटिल भी हो चुके हैं.

लोगों के घरों में घुस रहा सड़क पर जमा पानी

अब तो सड़क पर जमा पानी आसपास के घरों में भी घुसने लगा है. बता दें कि बरसात से पहले समाजसेवी सह भाजपा नेता प्रदीप प्रसाद ने अपने निजी फंड से सड़क को बनाने का प्रयास किया था. अलकतरा लाकर सड़क बनवाया था. सड़क तो ऊंची की गई, पर पानी की निकासी का उपाय नहीं किया गया. वहीं, नगर निगम भी कान में तेल डाल कर सोती हुई है. पानी की निकासी के लिए अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गयी है. नतीजतन, सड़क पर घुटने भर पानी जमा है और लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, पास में ही स्थित पेट्रोल पंप में भी पानी घुस गया है.

जल निकासी की कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गयी

कल्लू चौक निवासी इरफान अंसारी, मिनहाज, मुमताज आदि ने बताया कि नगर निगम केवल टैक्स वसूलना जानती है. कभी पॉलिथीन की जांच करती है, तो कभी ठेले वालों को परेशान करती है. लेकिन पानी की निकासी को लेकर कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गयी. अगर नाली को सफाई करवा दिया जाए, तो सड़क पर जमा पानी आसानी से निकल सकता है. इससे आसपास रहनेवाले लोगों को भी राहत मिलेगी. इस मामले पर सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने कहा कि ज्यादा बारिश होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पानी की निकासी के लिए तत्काल उपाय किया जाएगा. इसे भी पढ़ें - अर्थशास्त्री">https://lagatar.in/economist-conference-pm-modi-said-we-are-working-towards-global-food-security/">अर्थशास्त्री

सम्मेलन : पीएम मोदी ने कहा,  हम वैश्विक खाद्य सुरक्षा की दिशा में काम कर रहे  
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही