केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह उस अस्पताल पहुंचे, जहां कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए 14 लोगों का इलाज किया जा रहा है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शाह के साथ थे. इससे पहले शाह ने रविवार सुबह कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर अस्पताल पहुंचे.
उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 25 अन्य घायल हो गए.
कोलकाता में चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार की रात महाअष्टमी के मौके पर मची भगदड़ में 19 लोगों की जान चली गई है. इस भगदड़ में कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं.
शनिवार को ही कई कार्यक्रमों के तहत गृह मंत्री कोलकाता दौरे पर पहुंचे थे. भगदड़ की खबर मिलने के बाद उन्होंने अपने कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे. इस बीच रविवार की सुबह पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ शरदवत मुखर्जी भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे.
कोलकाता पुलिस के अनुसार इस भगदड़ के संबंध में आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 105, 110 और 3(5) के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है. 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
हाईकोर्ट के जज जांच करेंगे
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मारे गए हर व्यक्ति के परिवार को 25 लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा की है. साथ ही कहा है कि हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी. हर घायल के इलाज का ख़र्च सरकार देगी और उन्हें पांच लाख का मुआवज़ा दिया जाएगा.
हादसे में ज़्यादातर महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है. मुख्यमंत्री ने बताया है कि कोलकाता हाईकोर्ट के जज से मामले की जांच कराई जाएगी.
मुख्यमंत्री ने बताया है कि यह हादसा शनिवार शाम क़रीब 7:30 बजे हुआ है. कोलकाता पुलिस की एएफएस टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. जो भी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है. राज्य सरकार ने भगदड़ से संबंधित जानकारी देने के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की है, जिसका नंबर 18003455678 है.
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद राज्य के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक सरकार ने एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की घोषणा की है.
91 साल में पहली बार
भगदड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल के फायर और इमरजेंसी सर्विस राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा, "हम बहुत ध्यान से देख(मामले को) रहे हैं कि किसकी और क्या गलती है. मुख्यमंत्री के साथ मेरी बात हुई है. अभी कुछ देर के बाद एक बैठक भी होगी..
एक स्थानीय शख़्स ने बताया, "पहले यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है. 91 साल हो गए हैं. अचानक बारिश हो गई, जिससे पैर फिसलने के कुछ लोग गिर गए."
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, शाम को चोरबागान सार्वजनिक मंडप में हज़ारों लोग जुटे थे. शाम करीब 7:30 बजे तेज बारिश शुरू होने पर इसस बचने के लिए कई लोग संकरी गलियों के बीच स्थित पूजा मंडप के अंदर जाने लगे.
दूसरी ओर, पंडाल के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे. बाहर बारिश में फंसे लोग भी अंदर जाने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे. इसकी वजह से अस्थायी तौर पर बनाई गई सीढ़ियों पर भीड़ के दबाव में लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे.
पीएम मोदी ने दुख जताया, मुआवजे की घोषणा
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है और मारे गए लोगों के प्रति सहानुभूति जाहिर की है.
पीएम मोदी ने मारे गए लोगों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हज़ार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.
शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी एक कार्यक्रम के तहत कोलकाता पहुंचे थे. वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बारिश के बीच लोगों का अभिवादन करते हुए देखे गए. हालांकि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया.
अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा
चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर टीएमसी (ममता बनर्जी गुट) सांसद अभिषेक बनर्जी ने राज्य सरकार और स्थानीय पुलिस पर निशाना साधा है.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हमारे खानदान में ऐसा पहले किसी ने नहीं देखा था.कोलकाता पुलिस, पश्चिम बंगाल पुलिस और शुभेंदु अधिकारी को शर्म आनी चाहिए. मां दुर्गा शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और सांत्वना दें और सभी घायलों को जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने का आशीर्वाद दें."