Search

 
 
 

लातेहार : प्रखंड प्रमुख का आरोप, DC से की शिकायत तो BDO ने दी जातिसूचक गालियां, जेल भेजने की धमकी दी

गारू प्रखंड की प्रमुख सीता देवी ने पुलिस अधीक्षक लातेहार को लिखित शिकायत देकर BDO अभय कुमार पर जातिसूचक गाली देने, जान से मारने की धमकी देने, अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाये हैं.
 

 Latehar : लातेहार जिले के गारू प्रखंड में प्रखंड प्रमुख और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के बीच विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है.  गारू प्रखंड की प्रमुख सीता देवी ने पुलिस अधीक्षक लातेहार को लिखित शिकायत देकर BDO अभय कुमार पर जातिसूचक गाली देने, जान से मारने की धमकी देने, अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाये हैं.

 

सीता देवी ने अपनी शिकायत में कहा है कि 4 जुलाई 2026 को उपायुक्त के गारू दौरे के दौरान BDO समेत कुछ कर्मियों के खिलाफ पंचायत समिति निधि की जानकारी नहीं देने, डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) अपने कब्जे में रखकर मनमाने तरीके से भुगतान करने तथा बाहरी लोगों को ठेकेदारी दिलाने सहित कई आरोपों से जुड़ा लिखित आवेदन उपायुक्त को सौंपा था.

 

प्रमुख का आरोप है कि उपायुक्त के प्रखंड से लौटते ही BDO अभय कुमार ने उन्हें और उनके पति को कार्यालय में बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जातिसूचक शब्द कहे और शिकायत वापस नहीं लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि BDO ने कथित तौर पर कहा कि तुम मेरे खिलाफ उपायुक्त को शिकायत दोगे, तो देख लेंगे तुम्हें. झूठा केस कराकर जेल भिजवा देंगे.

 

सीता देवी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में लगभग 9 लाख रुपये का भुगतान उनके हस्ताक्षर के बिना किया गया. उनके डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया गया. इसके अलावा उन पर सादे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने और लगातार दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है.

 

प्रमुख ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर BDO के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

 

हालांकि इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार का पक्ष सामने नहीं आया है. उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें  

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही