Search

 
 
 

लातेहार : पूर्व CRPF जवान की हत्या का खुलासा, पिकअप वैन और फलों की खेप लूटने के लिए उतारा मौत के घाट

झारखंड के लातेहार जिले में पूर्व CRPF जवान की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा निवासी इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू के रूप में हुई है.
 

 Latahar :  झारखंड के लातेहार जिले में पूर्व CRPF जवान की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा निवासी इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू के रूप में हुई है.


पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूर्व जवान शेख सदाकत अली की हत्या लूट की नीयत से की थी. आरोपी मृतक की पिकअप वैन और उसमें लदे फलों को लूटना चाहते थे.


जानकारी के मुताबिक शेख सदाकत अली ओडिशा के पुरी जिले के रहने वाले थे. वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल से करीब चार साल पहले बीमारी के कारण स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद फलों का कारोबार कर रहे थे. घटना के दिन वह फलों की खेप लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे.


पुलिस ने बताया कि सदाकत अली का शव बरियातु थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के पास एक पुल के नीचे बरामद हुआ था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.


पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शेख सदाकत अली को  पहले से जानते थे. लोहरदगा के कुडू इलाके में पहले उनके वाहन की मरम्मत का काम किया गया था, तभी से पहचान थी.


घटना वाले दिन तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी. जब सदाकत अली नशे में हो गए, तब आरोपियों ने तौलिये से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया.


पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी वाहन और फलों की खेप लेकर फरार होने की योजना बना रहे थे. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करे  

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही