Latehar News: जिले में मार्च से अगस्त 2026 के बीच कुल 84 सड़क दुर्घटनाओं में 68 लोगों की मौत हो चुकी है. सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने यह जानकारी दी. उपायुक्त ने इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त की.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक में नगर पंचायत को अवैध पार्किंग तथा सड़क पर यत्र-तत्र वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर ई चालान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने अत्यधिक घूमावदार सड़क पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय एवं कॉन्वेक्स मिरर लगाने का निर्देश दिया. साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए साप्ताहिक हाट या बाजार में व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, सिविल सर्जन डा राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी, लातेहार, पुलिस उपाधीक्षक (मु), लातेहार, कार्यपालक अभियंता,पथ निर्माण विभाग, लातेहार, पीआइयू (एनएचएआई), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, लातेहार एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचल अधिकारी जुड़े.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

