Search

 
 
 

Latehar News : मानव तस्‍करी व उग्रवाद के खिलाफ जागरूकता अभियान, ग्रामीणों से सहयोग की अपील

लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य बाल मजदूरी की रोकथाम और बच्चों को उग्रवादी गतिविधियों से दूर रखना है.
 

ASHISH TAGORE

Latehar :   लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य बाल मजदूरी की रोकथाम और बच्चों को उग्रवादी गतिविधियों से दूर रखना है.  इसको लेकर ग्रामीणों के साथ बैठकें की जा रही है और स्‍थानीय जन प्रतिनिधियों से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की जा रही है. 

 

Uploaded Image

 

बता दें कि जिले के खास कर महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र से प्रति वर्ष काफी संख्‍या में बच्‍चों एवं नाबालिग किशोरियों को बहला फुसला कर दिल्‍ली एवं अन्‍य महानगरों में काम कराने के लिए ले जाया जाता है. गांव के भोले भाले आदिवासी ग्रामीण बिचौलियों के प्रलोभन में पड़ कर अपने बच्‍चों को उनके हाथों में सौंप देते हैं. 

 

बच्‍चे भी अपनी आंखों में सुनहरे सपने लेकर गांव छोड़ कर शहरों की ओर निकल लेते हैं. लेकिन कभी-कभी इसका अंजाम काफी भयावह होता है.  कई बार बाहर गये बच्‍चों या बच्चियों का सालों तक कोई खोज खबर नहीं मिलता है. अब तक कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. यही कारण है कि पुलिस जन जागरण अभियान के तहत लोगों से अपने बच्चों को काम कराने के लिए बाहर नहीं भेजने, उन्हें शिक्षा से जोड़ने और एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनाने की अपील की है. 

 

जागरूकता संदेश में बताया गया है कि बाल मजदूरी एक सामाजिक अभिशाप होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है. इसे जड़ से समाप्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. पांच से 14 वर्ष तक के बच्चों से मजदूरी कराना और उन्हें शिक्षा से वंचित कर कार्य में लगाना कानून का उल्लंघन है. 

 

लातेहार पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को मजदूरी के लिए गांव से बाहर न भेजें. यदि कोई व्यक्ति या दलाल रोजगार का झांसा देकर बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें. 

 

इसके अलावा पुलिस ने ग्रामीणों को उग्रवादी संगठनों से भी सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्‍होंने कहा कि अगर उग्रवादी संगठन बच्चों और नव युवकों को बहला-फुसलाकर अथवा दबाव बनाकर अपने संगठन में शामिल करने का प्रयास करते हैं. तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें.

 

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने अपने संदेश कहा कि बच्चे देश और राज्य का भविष्य हैं. उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही