Latehar News : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड के मंगरा रोड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाये हैं. कक्षा आठवीं व नौवीं के कई छात्र सोमवार को बरवाडीह प्रखंड कार्यालय पहुंचे. बच्चों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार पर उनके साथ मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें
बच्चों ने बताया कि उन्हें इतना पीटा जाता है कि हाथ-पैर तक फूल जाते हैं. उन्हें जातिसूचक शब्द कह कर प्रताडि़त किया जाता है. सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं. उन्होंने प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पायी. इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी चतरा सांसद कालीचरण सिंह को दूरभाष पर दी.
दीपक राज ने बताया कि सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जांच का निर्देश दिया. सांसद के निर्देश के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षक बरवाडीह प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बच्चों को वापस विद्यालय ले गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

