Search

 
 
 

लातेहार : नाइट गार्ड की हत्या के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो रायफल और गोली भी बरामद

 
Latehar :   बीते साल 26 दिसंबर 2024 को नाइट गार्ड बालगोविंद साव की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी. हत्याकांड के करीब साढ़े तीन महीने बाद लातेहार पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है. गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप सिंह उर्फ प्रदीप गंझू और किशुन भगत उर्फ किशुन जी शामिल हैं. दोनों की गिरफ्तारी चंदवा थाना क्षेत्र के नगर गांव से हुई है. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने दो सिंगल शॉट देसी रायफल, आठ एमएम की दो जिंदा गोलियां, आठ एमएम का एक खोखा, मारे गये नाइट गार्ड का मोबाइल फोन और झारखंड संघर्ष जन मुक्ति मोर्चा का एक पर्चा बरामद किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ लातेहार के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं. गुरुवार को एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी.

पुल निर्माण कार्य में लगे लोगों पर हमला करने की कर रहे थे प्लानिंग 

एसपी ने पीसी में बताया कि बीते 26 दिसंबर 2024 की रात में नाइट गार्ड बालगोविंद साव की हत्या कर दी गयी थी. वह लातेहार थाना क्षेत्र के उलगड़ा गांव के औरंगा नदी पर पुल निर्माण कार्य में बतौर नाइट गार्ड तैनात था. प्रदीप सिंह ने पर्चा छोड़ हत्या की जिम्मेदारी ली थी. इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं इस हत्याकांड के वांटेड व मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह उर्फ प्रदीप गंझू और किशुन भगत उर्फ किशुन जी फरार चल रहे थे. पुलिस काफी दिनों से दोनों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान बीते एक अप्रैल को सूचना मिली थी कि प्रदीप और किशुन को चंदवा थाना क्षेत्र के नगर गांव में देखा गया है. दोनों फिर से उलगड़ा गांव के औरंगा नदी पर पुल निर्माण कार्य में लगे लोगों पर हमला करने की प्लानिंग कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही