Ranchi News : ईडी के दफ्तर में पहुंचने के बाद चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह के रिश्तेदारों की याददाश्त चली गयी थी. तीसरी बार समन जारी होने के बाद एलबी सिंह की पत्नी, साला और भाई पूछताछ के लिए हाजिर हुए. लेकिन उन्हें अपनी नाम पर किये गये निवेश से जुड़े मामलों की जानकारी भी नहीं थी. हालांकि इनमें से कई ईडी द्वारा फ्रीज किये गये निवेश को छुड़ाने के लिए कोर्ट पहुंचे हैं.
ईडी ने कोयला घोटाले की जांच के दौरान दूसरे दौर की छापेमारी में 160 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड फ्रीज किया था. इसमें से एक बड़ा हिस्सा एलबी सिंह से संबंधित था. इस सिलसिले में पूछताछ के लिए ईडी ने एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह, पत्नी आरती सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह को समन जारी कर पूछताछ के लिए हाजिर होने का निर्देश दिया. लेकिन तीनों में से कोई हाजिर नहीं हुआ.
तीनों ने अलग अलग कारणों से समय की मांग की थी. ईडी ने दो बार समय दिया और तीसरा समन जारी कर अलग-अलग तिथियों पर हाजिर होने का निर्देश दिया. तीसरी बार जारी समन पर सभी निर्धारित तिथि पर पूछताछ के लिए हाजिर हुए. लेकिन पूछताछ के दौरान अपने नाम पर किये गये निवेश और उसके स्रोत से संबंधित सवालों को यह कहते हुए टाल दिया कि उन्हें अभी याद नहीं है. वह बाद में इसकी जानकारी देंगे.
आरती सिंह ने अधिकांश मुद्दों की जानकारी अपने पति एलबी सिंह को होने की बात कहते हुए सवालों को टाला. इस बीच आरती सिंह और एलबी सिंह से जुड़ी कंपनी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर ईडी द्वारा फ्रीज किये गये म्यूचुअल फंड को छोड़ने का आदेश देने का अनुरोध किया है.
कोर्ट ने इन याचिकाओं पर ईडी को जवाब देने का निर्देश दिया है. ईडी ने एलबी सिंह से जुड़ी कंपनी का 60 करोड़ रुपये का फंड फ्रीज किया है. इसके अलावा आरती सिंह के नाम पर भी 26 लाख के निवेश को फ्रीज किया गया है. (एलबी सिंह से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें