Search

Jharkhand News - जानें सरयू ने सीएम से क्यों कहा, स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को अस्पतालों में घूमने से रोकें

Ranchi : राज्य में कोरोनावायरस संक्रमण के बिगड़ते हालात के बीच पूर्व मंत्री सरयू राय ने मुख्यमंत्री को एक सलाह दी है. उन्होंने एक ट्वीट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा है कि वे स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और स्वास्थ्य सचिव को औचक निरीक्षण करने से रोकें.

सरयू राय ने अपने ट्वीट में लिखा है, “@HemantSorenJMM  स्वास्थ्य विभाग के मंत्री और सचिव को निर्देश दें कि वे कोविड पर क़ाबू पाने के लिये अस्पतालों में भर्ती मरीज़ों के औचक निरीक्षण के लिए घूमने के बदले अपने कार्यालय में बैठकर अस्पतालों एवं इलाज केन्द्रों तक आवश्यक सुविधा, उपकरण एवं निधि पहुंचाने की व्यवस्था करायें.

अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं मंत्री और सचिव

गौरतलब है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या और मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है. इसको लेकर मीडिया में खबरें आने और झारखंड हाईकोर्ट की लगातार गंभीर टिप्पणियों के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मधुपुर उपचुनाव के प्रचार के बीच से रांची लौट आये थे. उसके बाद से मंत्री और स्वास्थ्य सचिव लगातार शहर के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं. सदर अस्पताल में उनके निरीक्षण के दौरान एक मरीज की मौत हुई थी. परिजनों का आरोप था कि चार घंटे इंतजार करने के बाद भी मरीज को भर्ती नहीं किया गया. जिससे उसकी जान चली गयी.

रोज बढ़ रहे हैं मामले, अस्पतालों में संसाधनों की भारी कमी

मंत्री और सचिव के निरीक्षण के बाद भी राजधानी सहित राज्य भर में कोरोना संक्रमण के मामले हर दिन बढ़ रहे हैं. अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और रेमडिसिविर दवा सहित अन्य संसाधन की भारी कमी है. इन्हीं सब बातों को लेकर सरयू राय ने ट्वीट के जरिये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सलाह दी है.

फिलहाल राज्य में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है. राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 20 हजार से ऊपर है. अकेले रांची में 8 हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं. हालात पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//